-------
फेरी वालों का पहला बाजार पिछोर में बनेगा
सब हेड --- पांच सितंबर को होगा नगर निगम में लॉटरी से आवंटन
- रजिस्टर्ड 156 लोगों को दी जाएगी जगह
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन (भारत सरकार की फेरी नीति) के अंतर्गत वर्षों से चल रही प्रक्रिया अब धरातल पर उतरेगी। पिछोर में फेरी वालों के लिए पहला मार्केट तैयार होगा। इसके लिए पंजीकृत फेरी वालों को पांच सितंबर को जगह आवंटित की जाएगी। पहले चरण में लॉटरी पद्धति से आवंटन होगा। लॉटरी नगर निगम कैंपस स्थित पुराने सभागार में होगी।
महानगर में फेरी लगाकर दुकानदारी करने वालों का सर्वे कराया गया था, इसमें 7638 फेरी वाले चिह्नित किए गए थे, जिसमें से 4183 ऐसे हैं, जो एक ही स्थान पर बैठकर रोजगार करते हैं, जबकि 3455 ऐसे हैं, जो चलती- फिरती दुकान के माध्यम से रोजगार करते हैं। सरकार का मानना है कि फेरी वाले अतिक्रमण करते हैं, जिससे आए दिन अतिक्रमण हटाने के नाम पर नगर निगम का लाखों रुपये का डीजल खर्च होता है और प्रशासनिक अमला व्यस्त रहता है। बार-बार हटाने और तोड़फोड़ करने से दुकानदारों को भी नुकसान होता है। इसलिए निर्णय लिया गया था कि फेरी वाले सभी दुकानदारों को जगह दी जाएगी, जहां शौचालय, बिजली, पानी, सड़क आदि सुविधाएं रहेंगी। अतिक्रमण हटाने के नाम पर फेरी वालों को हटाया नहीं जाएगा, मेन रोड पर फेरी वाले अतिक्रमण भी नहीं कर पाएंगे।
नगर निगम ने फेरी वालों को चिह्नित करने के बाद उनके रजिस्ट्रेशन किए थे, लेकिन बार- बार समय देने के बाद भी सभी फेरी वालों ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराए। चिह्नित 7638 फेरी वालों में से कुल 872 फेरी वालों ने ही रजिस्ट्रेशन कराया है। सरकार बार-बार नगर निगम से इस बारे में जवाब मांग रही थी। नगर निगम ने प्रयास किया, लेकिन पूरे फेरी वालों ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराए। इस पर नगर निगम ने निर्णय लिया कि अब फेरी वालों को जगह का आवंटन शुरू किया जाए। इसके लिए नगर निगम ने सभी 60 वार्डों के लिए पूर्वी, पश्चिमी, उत्तरी और दक्षिणी जोन बनाए।
सबसे पहले पूर्वी जोन में दुकानों का आवंटन होगा। इसमें सर्वे में चिह्नित किए गए 428 फेरी वालों को लिया गया है। इनको लॉटरी पद्धति से जगह दी जाएगी। वार्ड नंबर 32 पिछोर में रैन बसेरा के पास नगर निगम की जमीन पर 156 फेरी वालों को दो फिट लंबी और दो फिट चौड़ी जगह आवंटित की जाएगी।
पूर्वी जोन में हैं यह वार्ड शामिल
वार्ड नंबर 03 भट्टागांव, वार्ड 04 ख्रुशीपुरा प्रथम, 08 नई बस्ती प्रथम, 09 हंसारी गिर्द द्वितीय, 12 स्कूलपुरा, 14 खुशीपुरा द्वितीय, 23 लहरगिर्द प्रथम, 26 ईसाई टोला द्वितीय, 29 नैनागढ़ दक्षिण द्वितीय, 33 ओरछा गेट बाहर द्वितीय, 35 नंदनपुरा प्रथम, 41 नंदनपुरा द्वितीय, 42 सागर गेट, 43 नानकगंज, 45 छनियापुरा, 47 प्रेमगंज प्रथम, 52 मुकरयाना और 54 बाहर ओरछा गेट प्रथम वार्डों के फेरी वालों को लॉटरी पद्धति से जगह दी जाएगी।
156 फेरी वालों के लिए है जगह
पिछोर में बनने वाले फेरी वालों के मार्केट में 156 दुकानदारों के लिए जगह है। अब तक रजिस्टर्ड 428 फेरी वालों में से 156 फेरी वालों को जगह दी जाएगी। किसको मौका मिलेगा, यह लॉटरी से तय होगा। लॉटरी में जिनका नाम आएगा, उन्हें दो फिट लंबी और दो फिट चौड़ी जगह दी जाएगी।
15 दिन में करना होगा कब्जा
जिस फेरी वाले का नाम लॉटरी में निकलेगा, उसे 15 दिन के अंदर आवंटन स्थल पर अपना कब्जा करना पड़ेगा, अगर जगह खाली रहती है और आवंटी फेरी वाले द्वारा कब्जा नहीं किया जाता है तो नगर निगम वहां अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा, ताकि कोई दूसरा अवैध कब्जा न कर सके।
परिचय पत्र मिलेगा
जिन फेरी वालों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है और यदि उनके नाम से जगह आवंटित हो जाती है तो आवंटन के बाद उन्हें परिचय पत्र जारी किया जाएगा।
रजिस्ट्रेशन नहीं कराने वालों को हटाया जाएगा
जिन फेरी वालों ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराए हैं। ऐसे सभी फेरी वालों को चिह्नित कर उनके अवैध कब्जे को हटवाया जाएगा।
तैयारी पूरी
फेरी वालों को जगह आवंटित करने की तैयारी पूरी हो गई है। पांच सितंबर को लॉटरी से जगह आवंटित होगी। इसके बाद पिछोर में शौचालय, पीने का पानी, बिजली और सड़क का काम होगा।
- अरुण कुमार गुप्ता
संयुक्त नगर आयुक्त