निरस्त ट्रेन को कर दिया रवाना
झांसी। रेलवे परिचालन विभाग की लापरवाही से बुधवार को निरस्त झांसी-लखनऊ पैसेंजर को रवाना कर दिया गया। इस भूल का पता लगने पर कानपुर से ट्रेन को वापस लाया गया।
कानपुर-दिल्ली मुख्य ट्रैक पर स्थित टुंडला स्टेशन पर वाशेबिल एप्रन डालने का काम चल रहा है। इस कारण रेल प्रशासन ने कानपुर से गुजरने वाली कुछ ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। इसमें 51813/ 51814 झांसी-लखनऊ पैसेंजर को भी 13 सितंबर से 19 सितंबर तक निरस्त कर दिया गया है। यह ट्रेन झांसी से रात 2.50 बजे लखनऊ के लिए रवाना होती है। मगर, इसके बाद भी बुधवार की सुबह ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना कर दिया गया। बाद में कानपुर से ट्रेन को वापस लाया गया। इस भूल के कारण लखनऊ के लिए सवार यात्रियों को कानपुर में ही उतरना पड़ा। इस मामले में जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि ट्रेन रवाना करने में किससे चूक हुई? इसका पता किया जा रहा है।