मेजर ध्यानचंद शारीरिक शैक्षणिक संस्थान जीता
- वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल में जैव अभियांत्रिकी की टीम को हराया
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में अंतर संकाय वॉलीबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मेजर ध्यानचंद शारीरिक शैक्षणिक संस्थान ने जीत लिया। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन किया गया है, जो छह सितंबर को आर्य कन्या कॉलेज द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।
पहले मैच में मेजर ध्यानचंद शारीरिक शैक्षणिक संस्थान और ललित कला संस्थान की टीम के बीच हुआ, इसमें मेजर ध्यानचंद की टीम ने ललित कला संस्थान को 25-12 से जैव अभियांत्रिकी ने विधि संस्थान को 25-17 से और एनसीसी ने अन्य विभागों की मिश्रित टीम को 25-21 से हराकर मुकाबला जीत लिया। फाइनल मैच मेजर ध्यानचंद शारीरिक शिक्षण संस्थान और जैव अभियांत्रिकी की टीमों के बीच खेला गया। इसमें मेजर ध्यानचंद शारीरिक शैक्षणिक संस्थान ने सीधे सेटों में 25-15, 25-17 से जीतकर फाइनल अपने नाम कर लिया।
इस दौरान बीयू के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सूरजपाल सिंह, राहुल यादव, विश्वपाल सिंह, शैलेंद्र सिंह, सत्यपाल सिंह मौजूद रहे। बताया गया कि अंतर संकाय टूर्नामेंट के बाद प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का आगामी अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। चयनित टीम छह सितंबर को आर्य कन्या कॉलेज द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।