-----------
खास खबर
-----------
पासवर्ड नहीं कर रहा काम, ऑनलाइन आवेदन धड़ाम
सब हेड - सरप्लस शिक्षकों ने की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
राजकीय माध्यमिक कॉलेजों के सरप्लस शिक्षक-शिक्षिकाएं पासवर्ड के काम न करने पर ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए हैं। ऐसे में सरप्लस शिक्षिकाओं ने संयुक्त शिक्षा निदेशक झांसी से सही पासवर्ड उपलब्ध कराने की मांग की।
जनपद के तीन राजकीय माध्यमिक कॉलेजों में सरप्लस शिक्षक चिह्नित किए गए थे, इनमें सूरज प्रसाद बालिका राजकीय इंटर कॉलेज क ी 16, राजकीय इंटर कॉलेज में छह व राजकीय इंटर कॉलेज बबीना के दो शिक्षक हैं। सरप्लस की सूची तैयार होने के बाद सरप्लस शिक्षकों ने अपना विरोध दर्ज कराया। काला फीता बांधकर प्रदर्शन भी किया। इनका कहना था कि सरप्लस चिह्नांकन कार्य में मनमानी बरती गई। विषयों की गड़बड़ी रही। इसी क्रम में सोमवार को सरप्लस शिक्षिकाओं ने संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक झांसी मंडल के नाम संबोधित ज्ञापन विभाग को दिया। ज्ञापन में बताया कि उन्हें प्राप्त पासवर्ड अमान्य है, जिसके कारण हम सभी शिक्षिकाओं को ऑनलाइन आवेदन करने में कठिनाइयां आ रही हैं। ऐेसे में नया पासवर्ड उपलब्ध कराया जाए, जिससे सभी आवेदन कर सकें।
सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या संध्या चतुर्वेदी ने बताया कि पासवर्ड के नहीं खुलने की सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक को दी जा चुकी है। इसके अलावा लखनऊ स्थित संबंधित विभाग से जहां से पासवर्ड मिला था, उसे भी मेल कर सूचना दे दी गई हैं। उनके अनुसार ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाकर 26 जुलाई कर दी गई है। इधर पासवर्ड न खुलने संबंधी समस्या पर जानकारी लेने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक डा. नीरज पांडेय से मोबाइल पर संपर्क किया गया, जो नहीं हो पाया।