झांसी डिपो की बस में 60 यात्री मिले बिना टिकट
झांसी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की झांसी डिपो की बस में 60 यात्री बिना टिकट के यात्रा करते मिले। इस पर आरएम ने संविदा परिचालक को बर्खास्त कर दिया। इसके अलावा अन्य कर्मचारियों पर भी कार्रवाई के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है।
झांसी डिपो की बस उरई के रावतपुरा से झांसी आ रही थी। सोमवार को आरएम एसके राय ने चेकिंग दल के साथ रूट पर बसों की चेकिंग की। इस दौरान कोंच-नदीगांव रूट पर बस को रोका गया। बस में यात्रियों की गिनती की गई तो 60 यात्री बिना टिकट मिले। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि पहले गिनती में बीस यात्री बिना टिकट मिले। इसके बाद फिर आगे रोककर यात्रियों की गिनती कराई तो 60 यात्री बिना टिकट मिले। इस पर संविदा परिचालक को बर्खास्त कर दिया गया है। इसके अलावा अन्य कर्मचारियों पर भी कार्रवाई के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।