झांसी। कोविड वैक्सीनेशन के पहले चरण के दूसरे दिन 58.64 फीसदी डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कोरोना की वैक्सीन लगवाई। शुक्रवार को 12 केंद्रों के 25 सत्र स्थलों पर 1425 को टीका लगा। जबकि, 2459 चिकित्सक, कर्मचारी वैक्सीन लगवाने के लिए पंजीकृत थे। चार लोगों को टीका लगाने के बाद मामूली समस्या हुई, जो कि सामान्य बात है। कुछ ही देर में सब स्वस्थ हो गए।
कोरोना का टीका लगवाने के लिए शुक्रवार को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में पांच, महिला अस्पताल में दो, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबीना, बामौर, बंगरा, बरुआसागर, चिरगांव, गुरसराय, मऊरानीपुर और सीएचसी मोंठ में दो-दो सत्र स्थल बनाए गए थे। इसके अलावा जिला अस्पताल और टीबी क्लीनिक में एक-एक सत्र स्थल थे। सभी केंद्रों को मिलाकर 2459 लाभार्थियों का टीकाकरण होना था, मगर 1425 ने वैक्सीन लगवाई।
कुल मिलाकर 58.64 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। टीका लगने के बाद चार लोगों को मामूली समस्या हुई, जो कुछ ही देर में ठीक भी हो गए। डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह की मामूली समस्याएं तो हर टीकाकरण में होती रहती हैं। कोरोना वैक्सिनेशन के दौरान सभी जगहों पर तैयारियां दुरुस्त रहीं। अधिकारी भी लगातार निरीक्षण कर जायजा लेते रहे। शुक्रवार को सीएमओ, एसीएमओ सहित कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों ने भी वैक्सीन लगवाई।
यूं हुआ टीकाकरण
..........................
समय वैक्सीन लगी
दोपहर एक बजे 493
शाम चार बजे 1145
शाम पांच बजे 1424
शाम छह बजे 1442
सत्यापन के लिए आवश्यक
अगर आप कोविड-19 टीकाकरण के लिए जा रहे हैं तो अपना एक पहचान पत्र ले आना न भूलें। इसमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी एवं पैन कार्ड, पासपोर्ट, जॉब कार्ड, पेंशन दस्तावेज, मनरेगा कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसदों, विधायकों, एमएलसी को जारी आधिकारिक प्रमाण पत्र, बैंक, पोस्ट ऑफिस की पासबुक, केंद्र, राज्य सरकार या पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा जारी सेवा आईडी कार्ड आदि में कोई एक हो सकता है।