अनाधिकृत वाहनों की सड़कों पर धड़ल्ले से रेलमपेल जारी है। परिवहन विभाग ने पिछले एक सप्ताह में अभियान चलाकर 542 वाहनों पर शिकंजा कसा है। इनसे 7.23 लाख रुपये का राजस्व एकत्र हुआ है।
मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों को ताक पर रखकर गाड़ियां सड़कों को रौंद रही हैं। यह गाड़ियां न तो परिवहन विभाग को टैक्स अदा कर रही हैं और न ही फिटनेस करा रही हैं। यहां तक कि कई वाहन तय रूट से इतर सवारियां ढोने में जुटे हुए हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेश के परिवहन आयुक्त ने सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश जारी किए थे। अभियान के दौरान विभाग द्वारा झांसी, ललितपुर व जालौन जनपदों में अलग - अलग टीमें गठित कर गाड़ियों की जांच की गई। इस दौरान 542 गाड़ियों में कमियां पाई गईं। इनमें से 223 वाहनों को संबंधित थाना क्षेत्रों में बंद किया गया। इनमें 121 बकाये कर की अदायगी न करने पर बंद की गईं। जबकि, 319 का चालान काटा गया। अभियान के दौरान 4.36 लाख शमन शुल्क तथा 2.87 लाख रुपये बकाया कर की वसूली की गई।
‘अनाधिकृत वाहनों के संचालन पर पूर्ण अंकुश लगाया जाएगा। इनके खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पकड़े जाने पर कार्रवाई होगी।’
- सर्वेश कुमार सिंह, एआरटीओ (प्रवर्तन)