शिक्षा भवन में काउंसलिंग के फार्म भरते शिक्षक। अमर उजाला
झांसी। बेसिक शिक्षा विभाग कार्यालय में बुधवार को शिक्षक भर्ती के अंतर्गत काउंसिलिंग की प्रक्रिया सुबह से शुरू हो गई थी। लेकिन, हाईकोर्ट के रोक लगाने संबंधी निर्देश के बाद बेसिक शिक्षा परिषद ने चल रही कार्यवाही को अग्रिम आदेश तक स्थगित करने के निर्देश जारी दिए। इस पर काउंसिलिंग की प्रक्रिया रोक दी गई। जिले में 520 शिक्षकों को काउंसिलिंग में शामिल होना था।
काउंसिलिंग के लिए बुधवार की सुबह से ही अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक कार्यालय परिसर में पहुंच गए थे। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए प्रत्येक टेबिल के आगे निर्धारित दूरी पर अभ्यर्थियों को खड़ा होने के लिए चूने से गोले बनाए गए थे। लेकिन गर्मी व तपन के कारण यह सोशल डिस्टेंसिंग अक्सर बिगड़ती नजर आई। शिक्षा भवन परिसर में आठ टेबिल लगाई गई थी। प्रत्येक पर खंड शिक्षाधिकारी की तैनाती की गई थी। जिले में आवंटित 520 अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग प्रक्रिया में शामिल होना था। इनमें से 175 अभ्यर्थी पहले दिन बुलाए गए थे। इधर बीएसए हरिवंश कुमार ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के आदेश के बाद काउंसिलिंग प्रक्रिया रोक दी गई है।
बैंक की योजनाएं बताई
शिक्षा भवन परिसर में प्राइवेट बैंकों के स्टाल भी लगे रहे। स्टालों पर कार्यरत कर्मचारी लोगों को पेयजल वितरण के साथ ही उनके हाथों को सैनिटाइज भी करा रहे थे। इसके साथ ही बैंक की योजनाओं, ऋण वितरण आदि पर भी जानकारी दे रहे थे।
सैनिटाइज कराने की मांग
बेसिक शिक्षा विभाग के दफ्तर में कर्मचारियों द्वारा लगातार सैनिटाइज कराने की मांग की जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि कार्यालय परिसर को सैनिटाइज नहीं किया जा रहा है। जबकि सैकड़ों लोगों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। काउंसिलिंग में भी काफी लोग आए हुए है।
शिक्षा भवन में काउंसलिंग के लिए लगी शिक्षकों की कतारे लगी रहीं। अमर उजाला