लूट की सूचना पर दौैड़ी कोतवाली पुलिस
झांसी। कोतवाली में लूट की सूचना पर पुलिस दौड़ पड़ी। घेराबंदी कर पुलिस ने कथित लूट करने वाले युवक को भी पकड़ लिया। थाने लाकर पड़ताल के बाद मामला लेनदेन का निकलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। देर रात मामला दोनों पक्षों में राजीनामा होने के बाद निपट गया।
कोतवाली के तिलयानी बजरिया निवासी शहाबुद्दीन प्राइवेट कंपनियों की वसूली का काम करते हैं। शनिवार रात वे घर लौट रहे थे। इसी बीच लेनदेन को लेकर बकरा मंडी के पास एक युवक से विवाद हो गया, जिसमें दोनों के बीच मारपीट हो गई, जिससे वे घायल हो गए। उन्होंने इसकी सूचना डायल 100 को दी। डायल 100 से लूट की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सतर्क हो गई। कोतवाल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित से जानकारी लेने के बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। इसके बाद जानकारी लेकर मारपीट करने वाले युवक को भी दबोच लिया। कोतवाली में दोनों से जानकारी ली गई, जहां मामला लेनदेन में मारपीट का निकलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। कोतवाल संजय सिंह ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। बाद में दोनों के बीच लिखित समझौता होने पर मामला निपट गया। कोतवाल ने बताया कि लूट की सूचना मिली थी, जहां पड़ताल के बाद मामला लेनदेन का निकला। दोनों के बीच समझौता हो गया है।