सपा- इसी महीने हो सकती है प्रत्याशी की घोषणा
झांसी। गठबंधन में झांसी - ललितपुर संसदीय सीट समाजवादी पार्टी के खाते में जाना तय होने के साथ ही टिकट के लिए संघर्ष अंतिम दौर में पहुंच गया है। पार्टी का टिकट हासिल करने के लिए सपा के नेता पूरा जोर लगाए हुए हैं। केंद्रीय नेतृत्व के सामने सभी पूरी मजबूती के साथ अपनी जीत का गणित पेश कर रहे हैं। इसके लिए स्थानीय स्तर पर भी लामबंदी जारी है। इसी महीने प्रत्याशी की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है।
बुंदेलखंड की चार लोकसभा सीटों में से दो पर सपा और दो पर बहुजन समाज पार्टी चुनाव लड़ने जा रही है। पिछले चुनाव के रिकार्ड को ध्यान में रखते हुए झांसी - ललितपुर और बांदा - चित्रकूट संसदीय सीट समाजवादी के लिए छोड़ी गई है। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी में टिकट का संघर्ष चरम पर पहुंच गया है। पार्टी के सभी क्षेत्रीय दिग्गज टिकट के लिए अपना दावा ठोके हुए हैं। इनमें राज्यसभा सांसद डा. चंद्रपाल सिंह यादव, एमएलसी रमा निरंजन के पति आर पी निरंजन, पूर्व एमएलसी श्यामसुंदर सिंह यादव, पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश पाल, जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष संत सिंह सेरसा, ललितपुर जिलाध्यक्ष ज्योति सिंह, ललितपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष तिलक सिंह यादव शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व सांसद सुजान सिंह बुंदेला के पुत्र चंद्र भूषण सिंह बुंदेला का नाम भी चर्चाओं में है।
जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव ने बताया कि इसी महीने टिकट की घोषणा होने की संभावना है। टिकट साफसुथरी छवि को ध्यान में रखते हुए जिताऊ प्रत्याशी को दिया जाएगा। इसके अलावा टिकट उसे मिलेगा, जो प्रत्याशी दोनों दलों को स्वीकार होगा।