24 को झांसी आएंगी अटल जी की अस्थियां
- शनिवार को ओरछा में बेतवा नदी में होगा विसर्जन
- प्रदेश कार्यालय ने जिलाध्यक्ष को दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा 24 अगस्त की शाम को झांसी आएगी। अगले दिन अस्थि कलश को मुक्ताकाशी मंच पर रखा जाएगा, जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद ओरछा में बेतवा नदी में उनकी अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश कार्यालय ने मंगलवार को अस्थि कलश यात्रा की तिथि तय कर दी है। 24 अगस्त को लखनऊ से आने वाली यात्रा को लेने के लिए जिला कार्यकारिणी की टीम एट पहुंचेगी। इसके बाद रथ यात्रा को पूंछ, मोंठ और चिरगांव में दर्शन के लिए थोड़ी देर के लिए रोका जाएगा। पारीछा में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा 25 अगस्त को झांसी आएगी। अस्थि कलश को मुक्ताकाशी मंच पर रखा जाएगा। इसके बाद यात्रा बीकेडी, खंडेराव गेट, कोतवाली, मानिक चौक, बड़ाबाजार, रानीमहल, मिनर्वा, गोविंद चौराहा, इलाइट, जेल चौराहा, बस स्टैंड होकर ओरछा के लिए रवाना होगी। यात्रा में केंद्रीय मंत्री उमा भारती, प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मन्नू कोरी शामिल रहेंगे।
जिलाध्यक्ष संजय दुबे ने बताया कि प्रदेश कार्यालय से 24 अगस्त को यात्रा आने की सूचना मिल गई है। शनिवार को ओरछा में अस्थियों का विसर्जन होगा। गौरतलब है कि देश की 100 नदियों में अटल जी की अस्थियों को विसर्जित किया जा रहा है, इसमें बेतवा नदी भी शामिल है।