टैग- कार्रवाई
-------------
फोटो
--------
आयकर के छापे से प्रॉपर्टी डीलर और ट्रांसपोर्टरों कांपे
सब हेड: - नौ कारोबारियों के 14 ठिकानों पर करोड़ों का अघोषित हिसाब-किताब पकड़ा
- तीन के यहां सर्च और छह लोगों के घर हुआ सर्वे
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
आयकर टीम ने बुधवार को प्रॉपर्टी और ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले राजेंद्र सिंह चावला, उनके भाई गुरजीत सिंह चावला और हरजीत सिंह चावला के घर, गोदाम और ऑफिस में छापा (सर्च) मारकर जांच की। साथ ही उनके छह पार्टनरों के घर पर सर्वे किया। कुल 14 स्थानों पर कार्रवाई की गईं। जांच के दौरान ऐसी तमाम संपत्तियां सामने आईं, जिनको आयकर रिटर्न में नहीं दिखाया गया। शुरूआती जांच में ही करोड़ों का अघोषित हिसाब-किताब पकड़ा गया। जांच जारी है।
बुधवार को अपर निदेशक आयकर (जांच) आगरा वृंदा देसाई के नेतृत्व में आगरा, कानपुर, फिरोजाबाद और झांसी के अधिकारियों ने अलग-अलग टीमों में बंटकर प्रॉपटी और ट्रांसपोर्ट के काम से जुड़े तीन कारोबारियों और उनके छह पार्टनरों को यहां एक साथ छापा मारकर कार्रवाई की। यह कार्रवाई मिशन कंपाउंड स्थित सर्व नगर निवासी प्रॉपटी डीलर गुरजीत सिंह चावला और उनके पार्टनर सर्वनगर निवासी किशोरी शरण सरावगी, स्वामीपुरम कॉलोनी निवासी विवेक दत्त स्वामी, झोकन बाग निवासी चैनरूप जैन, ग्वालियर रोड पर स्थित कुंज बिहारी मंदिर के पास निवासी रमाकांत वर्मा, ट्रांसपोर्टर और प्रॉपर्टी डीलर हरजीत सिंह चावला और उनके पार्टनर सिविल लाइन निवासी अजय गुप्ता, मेहंदी बाग निवासी जगदीश दुबे और ट्रांसपोर्टर राजेंद्र सिंह चावला के घर, ऑफिस और गोदाम पर की गई।
टीम ने पहुंचते ही घर और ऑफिस में मौजूद परिजन और कर्मचारियों को हटाकर कंप्यूटर, संपत्तियों से जुड़े कागजात और अन्य दस्तावेज कब्जे में ले लिए। इसके बाद आंकड़ों के हिसाब से आमदनी और खर्चों का हिसाब-किताब बनाना शुरू किया। पुलिस की घेराबंदी में यह काम देर रात तक जारी रहा।