झांसी। छुट्टी लेकर घर गए 51 पुलिसकर्मी आज तक वापस नहीं लौटे। रेंज के ऐसे पुलिसकर्मियों की सूची तैयार कर ली गई है। इन सभी पर विभागीय कार्रवाई के साथ सख्त कार्रवाई अमल मेें लाने के लिए अधिकारियों ने तैयारी कर ली है। सभी पर अनुशासनहीनता का दोषी मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। इनमें पहले ही 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है।
झांसी के साथ ललितपुर व जालौन से छुट्टी लेकर गए करीब 51 पुलिसकर्मी आज तक वापस नहीं लौटे। दो दिन पहले ही एसएसपी दिनेश कुमार पी ने ऐसे पुलिसकर्मियों की जानकारी तलब कर जिले के 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। इन सभी पर विभागीय कार्रवाई भी होगी। एसएसपी ने जिले के ऐसे गैरहाजिर चल रहे पुलिसकर्मियों की जानकारी तलब की है। इसके लिए थानों से लेकर पुलिस लाइन व अन्य कार्यालयों से जानकारी मांगी गई है। आईजी सुभाष सिंह बघेल ने झांसी समेत, ललितपुर व जालौन के ऐसे सभी पुलिसकर्मियों की सूची मांगी है।
इतने हैं गैरहाजिर
जिला संख्या
झांसी 15
जालौन 20
ललितपुर 16
महत्वपूर्ण काम भी हो रहे प्रभावित
बताया गया है कि थाने, डायल 112 से सबसे ज्यादा पुलिसकर्मी गैरहाजिर हैं। इनके गैरहाजिर होने से काम प्रभावित होने के साथ ही साथी पुलिसकर्मियों पर काम का बोझ आ गया है। नए एसएसपी के कार्यभार संभालने के बाद पुलिसकर्मी छुट्टी मांगने पहुंचे थे, जहां जानकारी लेने के बाद पुलिसकर्मियों के गैरहाजिर होने की पोल खुली।
घर जाएगी एक पुलिस टीम
छुट्टी लेकर निकले ऐसे पुलिसकर्मियों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की एक टीम उनके घर जाएगी। पता किया जाएगा कि आखिर पुलिसकर्मी ड्यूटी पर क्यों नहीं पहुंचे और क्या कारण रहा। इसकी भी रिपोर्ट तैयार कर अफसरों को दी जाएगी। यदि वह किसी समस्या में है तो उसका समाधान विभागीय स्तर पर भी किया जाएगा।
कंट्रोल रूम से हर रोज गैरहाजिर पुलिसकर्मियों के बारे में सभी शाखाओं से रिपोर्ट मांगी जा रही है। ऐसे पुलिसकर्मियों को नोटिस भी भेजा जा रहा है। सभी पर विभागीय कार्रवाई होगी। कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षकों को भी निर्देश दिए गए हैं। सुभाष सिंह बघेल, आईजी