बिजली विभाग ने शनिवार की सुबह जेल चौराहा व रानी महल सबस्टेशन से जुड़ी हाइटेंशन लाइन पर से टकरा रही पेड़ की टहनियों को काटने का काम किया। इस कार्य के चलते उक्त दोनों सबस्टेशनों से जुड़ी पचास हजार से अधिक आबादी परेशान रही। लोग सुबह से पानी के लिए भी परेशान रहे। जेल चौराहा व रानीमहल सबस्टेशन की हाइटेंशन लाइनों पर शनिवार की सुबह सात से ग्यारह बजे पेड़ की डालियों को काटने का काम किया गया। इस अवधि में जेल चौराहा, सदर बाजार, कचहरी चौराहा, झोकन बाग, इलाइट, पुलिस लाइन, स्टेशन रोड, एमईएस, इलाहाबाद बैंक चौराहा, विवेकानंद कॉलोनी, सिविल लाइन, मनु विहार कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, मिनर्वा, छनियापुरा, तलैया, सुभाषगंज, गुसाई पुरा, सिंधी तिराहा, मानिक चौक, कालीबाड़ी, रानीमहल आदि क्षेत्र के लोग परेशान रहे। इसी तरह गल्लामंडी और न्यू गल्लामंडी से जुड़े लोग दिन भर बिजली की आवाजाही से परेशान रहे। सबसे ज्यादा गल्लामंडी में खुलवाई गई आवश्यक वस्तुओं के दुकानदार परेशान रहे। वे बिजली के बिना टीन शेडों की दुकानों में पसीना बहाते रहे।