झांसी। अतीक अहमद के कुनबे पर कुल 161 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से अधिकांश मुकदमें प्रयागराज के धूमनगंज, कोतवाली, खुल्दाबाद थाने में दर्ज हैं। अतीक के पांच बेटों में असद (19) तीसरे नंबर का है। उसने इसी साल लखनऊ से बारहवीं का इम्तहान दिया था। मां शाइस्ता असद को अतीक गैंग से दूर रखना चाहती थी लेकिन, अतीक उसे पिस्टल आदि चलाना सिखाता था। उमेश हत्याकांड के बाद असद परिवार के साथ ही सूबे का सबसे बड़ा इनामिया बदमाश बन गया। उसके ऊपर पांच लाख रुपये इनाम है। असद की मां शाइस्ता फरार है। शाइस्ता पर 25 हजार का पुरस्कार है। शाइस्ता के खिलाफ तीन मुकदमे हैं। अतीक के बड़े बेटे अली अहमद पर 50 हजार का इनाम था लेकिन, अली ने जुलाई 2022 में न्यायालय में सरेंडर कर दिया था। अभी अली नैनी कारागार में है। अली पर चार मुकदमे हैं। इसी तरह अतीक अहमद के दूसरे नंबर का बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल मेें बंद है। उसके ऊपर एक केस दर्ज है। अतीक के दो नाबालिग बेटे हैं। वहीं, अतीक के भाई अशरफ पर एक लाख रुपये का इनाम है।
हत्याकांड के अब तक चार बदमाश हो चुके ढेर
उमेश पाल हत्याकांड में असद एवं गुलाम के मुठभेड़ में मारे जाने के साथ ही इस मामले में वांछित आठ बदमाशों में चार बदमाश मारे जा चुके। एसटीएफ ने सबसे पहले 27 फरवरी को अरबाज को मार गिराया। अरबाज ही क्रेटा कार चलाते हुए उमेश के घर तक बदमाशों को लेकर पहुंचा था। इसके बाद 6 मार्च को एसटीएफ ने विजय चौधरी उर्फ उस्मान को मार गिराया। उस्मान ने ही उमेश के ऊपर पहली गोली चलाई थी।