- एसएनसीयू के लिए उपकरणों का बजट हुआ मंजूर
- अग्निशमन और विद्युत कार्य की संस्था को हरी झंडी
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में 48 बेड के नवजात शिशु गहन चिकित्सा केंद्र (एसएनसीयू) के लिए उपकरणों के बजट को मंजूरी मिल गई है। साथ ही अग्निशमन और विद्युत का कार्य करने वाले संस्था भी तय हो गई है। बजट मिलते ही ये कार्य शुरू कर देगी। ऐसे में एसएनसीयू के जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
मेडिकल कॉलेज में पिछले साल विस्तारित बिल्डिंग में 36 अतिरिक्त बेड के एसएनसीयू को शुरू कराने की तैयारी थी। नवंबर, 2024 में वार्ड में अग्निकांड की घटना होने से कई नवजातों की जान चली गई थी। करोड़ों के उपकरण भी जलकर राख हो गए थे। कॉलेज प्रशासन की तरफ से एसएनसीयू को फिर से शुरू कराने के लिए उपकरणों के बजट की मांग की गई थी। बताया गया कि लगभग तीन करोड़ रुपये बजट की मंजूरी हो गई है। अब 2 लाख रुपये कीमत तक के उपकरण मेडिकल कॉलेज प्रशासन खरीद सकेगा। उससे अधिक कीमत के उपकरण यूपी मेडिकल कॉरपोरेशन खरीदकर उपलब्ध कराएगा। बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ओमशंकर चौरसिया का कहना है कि जल्द ही एसएनसीयू का संचालन शुरू होगा।
इन उपकरणों की होगी खरीद
एसएनसीयू के लिए वेंटिलेटर, सी-पैप, वार्मर, फोटो थेरेपी, इंफ्यूजन पंप, हाईफ्लो ऑक्सीजन मशीन आदि उपकरणों की खरीद होगी।