झांसी। 24 अप्रैल से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा जिले में 77 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। अनन्तिम सूची में तय किए 81 केंद्रों में आपत्तियों के बाद जिला स्तरीय समिति ने चार केंद्र कम कर दिए हैं। परीक्षाओं में जिले के 47 हजार परीक्षार्थी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में भाग लेंगे। बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में हुई बैठक में सीडीओ ने परीक्षाओं को लेकर निर्देश जारी किए।
परीक्षा केंद्रों को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जिले के 230 विद्यालयों की सूची शासन को भेजी थी। जिसमें से बोर्ड ने 81 परीक्षा केंद्रों की पहली सूची जारी कर आपत्तियां मांगीं। परीक्षा केंद्रों को लेकर आईं आपत्तियों के आधार पर जिला स्तरीय समिति ने 77 केंद्र फाइनल किए हैं। इसे लेकर बृहस्पतिवार को सीडीओ शैलेश कुमार ने बैठक के दौरान कहा कि परीक्षा के दौरान नकल किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं होगी। यदि अभी भी कोई परीक्षा केंद्र ऐसा है जहां पूर्व में नकल संबंधी या अन्य कोई गड़बड़ी की शिकायत है, तो उसे परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का फिर से सत्यापन कर लें। डीआईओएस कोमल सिंह यादव ने बताया कि तहसील झांसी में पांच राजकीय विद्यालय, 20 सहायता प्राप्त विद्यालय, दो जिला पंचायत और विद्युत परिषद से सहायता प्राप्त विद्यालय, 12 वित्तविहीन विद्यालय समेत 39, तहसील मऊरानीपुर में चार राजकीय, छह सहायता प्राप्त, चार वित्तविहीन विद्यालय समेत 14, तहसील मोंठ में दो राजकीय विद्यालय, नौ सहायता प्राप्त समेत 11, तहसील गरौठा में एक राजकीय, चार सहायता प्राप्त, दो वित्तविहीन समेत सात, तहसील टहरौली में दो सहायता प्राप्त, एक जिला पंचायत से सहायता प्राप्त, तीन वित्तविहीन विद्यालयों समेत छह विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बैठक में एसडीएम सदर राजकुमार, मऊरानीपुर अंकुर श्रीवास्तव, धीरेंद्र प्रताप सिंह, अतुल कुमार, मंजूर अहमद सिद्दीकी समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
ये है परीक्षार्थियों की संख्या
कक्षा बालक बालिकाएं कुल
हाईस्कूल 13766 11615 25381
इंटरमीडिएट 11967 10421 22388
कुल 25733 22036 47769