अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। आवास ऋण जमा करने के नाम पर रेलवे के सेवानिवृत्त चीफ लोको इंस्पेक्टर के 46 लाख रुपये हड़प लिए गए। शिकायत पर पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
एडलजी वायज कंपाउंड निवासी रेलवे के सेवानिवृत्त चीफ लोको इंस्पेक्टर महमूद खान ने एक कंपनी से दो आवास ऋण लिए थे। दोनों ऋण पर 46,98,247 रुपये बकाया था। यह राशि जमा करने के लिए उन्होंने कंपनी के अभिकर्ता नंदनपुरा कृष्णा इन्क्लेव निवासी अजय भार्गव को रुपये दिए थे। आरोप है कि अजय ने यह रकम कंपनी के खाते में अपने चेक से जमा की, जो बाउंस हो गया। ऋण का भुगतान न होने पर कंपनी ने महमूद खान के घर पर नोटिस चस्पा कर दिया, तब जाकर उन्हें फर्जीवाड़े की जानकारी हो पाई। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अजय भार्गव, उसकी पत्नी और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।