नगर निगम ने 31 दिसंबर तक अग्रिम गृहकर जमा करने का दिया समय
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। वित्तीय वर्ष 2024-25 का अग्रिम गृहकर जमा करने पर छूट का लाभ महानगर के 45 हजार लोग उठा चुके हैं। चूंकि, नगर निगम ने छूट की समय सीमा 31 दिसंबर तक तय की है। ऐसे में महानगरवासियों के पास दो दिन का और मौका है।
नगर निगम की ओर से कराए गए जीआईएस सर्वे के बाद महानगर में गृहकर के दायरे में आने वाले भवनों की संख्या बढ़कर 2.28 लाख पहुंच गई थी। इसके साथ ही गृहकर वसूली का लक्ष्य भी बढ़कर 28 करोड़ रुपये हो गया है। चूंकि, जीआईएस सर्वे के बाद से कई गुना तक गृहकर बढ़ जाने की शिकायतें लगातार नगर निगम के पास पहुंच रही थीं। ऐसे में पिछली सदन की बैठक में अग्रिम गृहकर जमा करने पर छूट देने की समय सीमा तीन महीने बढ़ाकर 31 दिसंबर 2024 कर दी गई थी।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अवधेश कुमार का कहना है कि अब तक महानगर के 45 हजार लोग मौजूदा वित्तीय वर्ष का अग्रिम गृहकर जमा करके पांच प्रतिशत की छूट पा चुके हैं। बचे हुए लोगों के पास मंगलवार तक मौका है।
एक हजार लोगों का सुधार जा चुका गृहकर
नगर निगम की ओर से शिविर लगाकर और कर विभाग में प्रार्थनापत्र आने पर एक हजार से ज्यादा लोगों का गृहकर सुधारा जा चुका है। नगर निगम में भी हर बुधवार को गृहकर सुधारने का शिविर लग रहा है।