झांसी के बबीना कस्बे के सिमरावारी इलाके में बुधवार रात करीब सवा आठ बजे बाइक सवार चार बदमाशों ने सराफा कारोबारी से तमंचे के बल पर 43.60 लाख रुपये के जेवरात एवं नकदी से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद बदमाशों ने कारोबारी को धक्का देकर गिरा दिया। कारोबारी के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए। लेकिन, तब तक बदमाश तेज रफ्तार बाइक से दूसरे रास्ते से फरार हो गए। लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह भी पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
बबीना के गणेश कॉलोनी निवासी मुन्नालाल सोनी (52) की आरा मशीन के पास रामराजा ज्वैलर्स नाम से दुकान है। उनके छोटे बेटे राजू सोनी के मुताबिक घर से दुकान के बीच करीब डेढ़ किलोमीटर का फासला है। बुधवार रात करीब आठ बजे उन लोगों ने दुकान बंद की। सोने के जेवरात समेत करीब 43.60 लाख रुपये नकदी लेकर उनके पिता स्कूटी से घर को निकले।
मुन्नालाल जैसे ही कॉलोनी से पहले सिमरावारी-बबीना मार्ग पर पहुंचे। वहां दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर मुन्नालाल को रोक लिया। चारों बदमाशों ने चेहरे पर नकाब नहीं लगाया था। मुन्नालाल के हाथ से बैग छीनकर बदमाश फरार हो गए। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि अभी लूट की रकम के बारे में साफ तौर पर मालूम नहीं चला है। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।