आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज
ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम दिगवार में ढाई माह पूर्व दस जनवरी को एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या को प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम दिगवार निवासी कल्याण कुशवाहा ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके भाई रामसिंह की शादी 15 अप्रैल 2015 को ग्राम मोगान निवासी गुलाब कुशवाहा की पुत्री रंजना के साथ हुई थी। इसमें उसके परिवारजन द्वारा भाई की पत्नी को काफी सोने चांदी के जेवरात आदि चढ़ावे में दिए गए थे। जब रंजना उसके घर विदा होकर आई तो उसका व्यवहार शुरू से ही अच्छा नहीं रहा। रंजना द्वारा उसके भाई पर दो एकड़ जमीन एवं अस्सी हजार रुपये नगद उसके नाम देने का दबाव बनाया और यह मांग पूरी होने पर उसके साथ अच्छे से रहेगी नहीं तो वह उसके साथ नहीं रहेगी। इसकी शिकायत बहू के परिवारजनों से भी की गई, जिस पर उसके परिवारजनों द्वारा रंजना का ही पक्ष लिया गया, जिसके बाद गत 23 दिसंबर 2018 को गांव मोगान में पंचायत भी बुलाई गई, जिसमें रंजना, घन्सू, गुलाब एवं राधेश्याम निवासी मोगान द्वारा एवं अन्य रिश्तेदारों भी उपस्थित हुए, जिस पर उसके भाई के ससुरालियों ने पंचायत में उसके भाई से दो एकड़ जमीन एवं अस्सी हजार रुपए नगद की मांग और उसके नाम करने पर उसके भाई के साथ रहने से साफ इंकार कर दिया। यही नहीं पंचायत में ही उसके भाई को तरह-तरह से झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी गई। इसके साथ ही उन्होंने उसके भाई रामसिंह को आत्महत्या कर मरने के लिए भी उकसाया।
इसके बाद गत पांच जनवरी को सुबह दस बजे तक उसका भाई नहीं जागा, जिसके चलते परिवारजनों ने आवाजें लगाईं, लेकिन उसके कमरे से कोई आवाज नहीं आई। जिस पर मुहल्लेवासी एकत्रित हो गए और किसी ने डायल 100 को फोन किया। तब पुलिस द्वारा उसके भाई के कमरे के गेट तुड़वाए गए और उसके भाई फांसी पर लटका मिला और उसकी मृत्यु हो गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों ग्राम मोगान निवासी घन्सू कुशवाहा, रंजना, राधेश्याम व गुलाब के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।