पॉलीथिन मुक्त भारत बनाने की अपील, निकाली रैली
झांसी। राजकीय पॉलीटेक्निक के छात्रावास में चल रहे सात दिवसीय शिविर के समापन पर राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई प्रथम, चतुर्थ एवं सप्तम के छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर लोगों को पॉलीथिन मुक्त भारत बनाने की अपील की। साथ ही शिक्षा, पर्यावरण और बेटी बचाओ को लेकर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। कार्यक्रम की शुरूआत लक्ष्य गीत से हुई।
लक्ष्य गीत ‘उठें समाज के लिए, उठें, उठें’ व ध्येय गीत ‘हम होंगे कामयाब’ से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। उसके बाद शिविरार्थियों ने पॉलीटेक्निक छात्रावास के आसपास साफ-सफाई की। मुख्य द्वार पर रंगोली सजाकर दीप जलाए। बाद में स्वयंसेवकों ने राजकीय पॉलीटेक्निक के छात्रावास से रैली निकाली, जो ग्वालियर रोड रेलवे क्रॉसिंग से बीकेडी चौराहे होते हुए आतियां तालाब पहुंची। रैली के जरिए छात्र-छात्राओं ने प्लास्टिक व पॉलीथिन मुक्त भारत बनाने की अपील कर इनके उपयोग से होने वाले नुकसान की भी जानकारी दी। नुक्कड़ नाटक के जरिए हर एक को शिक्षित बनने, पर्यावरण का संरक्षण और बेटी बचाओ का संदेश दिया।
समापन के अवसर पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों में आपसी साहचर्य तथा नेतृत्व क्षमता के विकास करने में सहायक होती है तथा राष्ट्र सेवा के गुणों का भी विकास होता है। इसकी गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थी, समाज के लोगों के साथ मिलकर समाज हित के कार्य करते हैं। डॉ. यतींद्र मिश्रा ने सात दिवसीय शिविर की आख्या प्रस्तुत की। इस मौके पर शांतनु पाठक, अमन प्रताप सिंह, दीपक ढेंकुला, मोहम्मद शारिक, जतिन सोनी आदि स्वयंसेवकों ने व्यवस्था में प्रमुख भूमिका निभाई। संचालन डॉ. शिल्पा मिश्रा ने किया और आभार डॉ. जितेंद्र बबेले ने जताया।