फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

श्रेणी- अदर्स आयकर जांच-City

विज्ञापन
विज्ञापन
फोटो
विज्ञापन

-----
आयकर टीम ने भाजपा नेता का घर खंगाला
- चावला ग्रुप के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर तीन और प्रॉपर्टी कारोबारियों के यहां हुईं जांच
- दूसरे दिन भी चलती रही कार्रवाई, लॉकर खुलवाएं, प्रधान आयकर निदेशक (जांच) झांसी आए
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
चावला ग्रुप के ठिकानों पर मिले दस्तावेजों के आधार पर आयकर टीम ने भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के बुंदेलखंड सह संयोजक जगदीश साहू समेत तीन और प्रॉपर्टी कारोबारियों के घर छापा मारा। तीनों के घर रातभर जांच चली। दूसरे दिन भी चावला ग्रुप के घर, ट्रांसपोर्ट, गोदाम और प्रतिष्ठान पर जांच का काम चलता रहा। बैंक लॉकर खुलवा कर उसमें रखे दस्तावेज और कीमती सामान जब्त कर लिया गया। बृहस्पतिवार से कानपुर परिक्षेत्र के प्रधान आयकर निदेशक (जांच) अमरेंद्र कुमार भी झांसी आ गए। उनके दिशा-निर्देशन में अब आगे की कार्रवाई चल रही है।
आयकर टीम प्रॉपर्टी और ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले राजेंद्र सिंह चावला, उनके भाई गुरजीत सिंह चावला और हरजीत सिंह चावला के घर, गोदाम और ऑफिस में जांच का काम दूसरे दिन भी करती रही। बुधवार को टीम ने चावला ग्रुप के मिशन कंपाउंड स्थित पंजाब नेशनल बैंक समेत अन्य बैंकों में खुले लॉकर्स की जांच की। टीम ने लॉकर्स में रखे गए दस्तावेज और अन्य कीमती सामान को जब्त कर लिया। सिविल लाइन निवासी पार्टनर अजय गुप्ता के यहां भी कार्रवाई चलती रही। उनके भी अलग-अलग बैंकों में मौजूद आठ लॉकर्स को खुलवाकर जांच की गई।
विज्ञापन

चावला ग्रुप के पास से जांच के दौरान मिले रजिस्ट्री और दस्तावेजों के आधार पर आयकर टीम ने बुधवार की रात ही बाबूलाल कारखाने के पीछे रहने वाले भाजपा नेता जगदीश साहू, राजघाट कॉलोनी नंदनपुरा निवासी दीपक पुरुषवानी और सीपी मिशन कंपाउंड निवासी अमन मदान के घर पर छापा मारा। रातभर अधिकारी तीनों के घर में रखे सामान, सोने-चांदी के जेवरात, संपत्तियों के कागजात और अन्य दस्तावेजों को सूचीबद्ध करते रहे। सुबह तक यह कार्रवाई चली।
बुधवार को अपर निदेशक आयकर (जांच) आगरा वृंदा देसाई के नेतृत्व में आगरा, कानपुर, फिरोजाबाद और झांसी के अधिकारियों ने अलग-अलग टीमों में बंटकर प्रॉपटी और ट्रांसपोर्ट के काम से जुड़े तीन कारोबारियों और उनके छह पार्टनरों को यहां एक साथ छापा मारकर कार्रवाई शुरू की थी। यह कार्रवाई मिशन कंपाउंड स्थित सर्व नगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर गुरजीत सिंह चावला और उनके पार्टनर सर्वनगर निवासी किशोरी शरण सरावगी, स्वामीपुरम कॉलोनी निवासी विवेक दत्त स्वामी, झोकन बाग निवासी चैनरूप जैन, ग्वालियर रोड पर स्थित कुंज बिहारी मंदिर के पास निवासी रमाकांत वर्मा, ट्रांसपोर्टर और प्रॉपर्टी डीलर हरजीत सिंह चावला और उनके पार्टनर सिविल लाइन निवासी अजय गुप्ता, मेहंदी बाग निवासी जगदीश दुबे और ट्रांसपोर्टर राजेंद्र सिंह चावला के घर, ऑफिस और गोदाम पर की गई। इनमें विवेक दत्त स्वामी, चैनरूप जैन, रमाकांत वर्मा, जगदीश दुबे, किशोरी शरण सरावगी के बुधवार की रात ही पूरी कर ली गई थी।

13 हजार वेतन, कागजों में करोड़पति
बुधवार को जांच में यह पता चला था कि हरजीत सिंह ने कर्मचारी जगदीश दुबे को अपनी कंपनी झांसी होम्स प्राइवेट लिमिटेड और एडीजे होम्स प्राइवेट लिमिटेड का डायरेक्टर भी बना रखा है। इन कंपनियों ने जो कॉलोनियां विकसित की हैं उनकी जमीन खरीदने और घर बनाकर बेचने तक सभी कागजातों में जगदीश के ही हस्ताक्षर होते हैं। शुरूआती बयान दर्ज करनेे के बाद आयकर टीम जगदीश को लेकर कार्यालय आ गई थी। बृहस्पतिवार को भी जगदीश के कार्यालय में बयान दर्ज किए गए। पता चला कि जगदीश ट्रांसपोर्ट में पिछले 25 साल से नौकरी कर रहे हैं। उनको अभी 13 हजार रुपये वेतन मिलता है। जबकि, वह कागजों में करोड़ों रुपये के मालिक है। बृहस्पतिवार की शाम जगदीश ने तबीयत ठीक न होने की बात कही। इसके बाद उनको जाने दिया गया।
विज्ञापन


अभी और भी निशाने पर
चावला ग्रुप की संपत्तियों की जांच में महानगर के और भी प्रॉपर्टी कारोबारियों के नाम सामने आते जा रहे हैं। पता चला है कि इस कारण ही कानपुर परिक्षेत्र के प्रधान आयकर निदेशक (जांच) अमरेंद्र कुमार भी झांसी आकर कमान संभालनी पड़ी है। नए छापे मारने के लिए वह ही वारंट जारी करते हैं। स्थितियों को देखकर लग रहा है कि अभी और भी कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें