झांसी। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार नए लाभार्थियों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। सर्वे के आधार पर चिह्नित किए गए लाभार्थियों की आधार सीडिंग का काम चल रहा है।
जिले में अब तक करीब एक लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कराया जा चुका है। इन आवास के लाभार्थियों का चयन वर्ष 2011 में हुए सर्वे के आधार पर किया गया था। इसके बाद तमाम परिवार ऐसे थे, जो पीएम आवास योजना से वंचित रह गए थे। लगातार आवास निर्माण की मांग को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन मिल रहे थे। शासन के निर्देश के बाद लॉकडाउन से पहले ग्राम्य विकास विभाग ने जिले में फिर से सर्वे कार्य कराया। जिसमें करीब 40132 लाभार्थी ऐसे सामने आए, जो आवास निर्माण के लिए पात्र थे। जिनको आवास ए प्लस के तहत लाभ दिया जाएगा। शासन के निर्देश पर इन लाभार्थियों की आधार फीडिंग का काम चल रहा है। परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण डॉ. आरके गौतम ने बताया कि आवास ए प्लस योजना के तहत चिह्नित लाभार्थियों की आधार फीडिंग कराई जा रही है। अब तक 20 हजार लाभार्थियों के आधार फीड हो चुके हैं। जल्द ही सत्यापन कर लाभार्थियों का आवास निर्माण शुरू होगा।