झांसी। रक्सा के राजापुर गांव में एक पुजारी का शव करीब चालीस फुट गहरे कुएं में लटका मिला। शव मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
राजापुर निवासी रामगोपाल भार्गव 55 गांव के एक मंदिर में पूजा-पाठ करने के साथ ही खेती-बाड़ी का भी काम करते थे। परिजनों के मुताबिक बुधवार सुबह करीब दस बजे वह घर से खेत की ओर निकले। दोपहर में जब वह खाना खाने घर नहीं लौटे तोघर वाले खेत पहुंच गए। काफी देर तक तलाश के बाद भी वह नहीं मिले। उसी समय खेत में ही बने कुएं में रस्सी लटकी दिखाई पड़ी। परिजनों नेनीचे झांक कर देखा तो रस्सी के सहारे रामगोपाल का शव लटका दिखाई पड़ा। चीख-पुकार मचने पर गांव के दूसरे लोग भी आ गए। सूचना पर सीओ सदर अरूण चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को कुएं से बाहर निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, परिजनों ने रामगोपाल की हत्या का आरोप पड़ोसियों पर लगाया है। पुत्र का कहना है पड़ोसियों के साथ काफी समय से चार एकड़ खेत को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ दिनों पहले भी दोनों पक्षों के बीच नोंक-झोंक हुई थी हालांकि परिजनों की ओर से अभी तक थाने में तहरीर नहीं दी गई है।
वाशिंगटन में रहता है पुजारी का एक बेटा
पुजारी रामगोपाल का बड़ा बेटा नवनीत भार्गव पिछले करीब दस साल से अमेरिका में रहकर होटल कारोबार करता है। परिजनों के मुताबिक उसके बाद वह अभी तक नहीं आया है। उसका इसी वर्ष ग्रीनकार्ड भी बनना है। पिता की मौत की सूचना भी उसे दे दी गई है।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का दिखता है। आसपास के लोगों से पूछताछ में मालूम चला कि पुजारी आत्मकेंद्रित व्यक्ति थे। संभव है तनाव के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया हो। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अरूण कुमार चौरसिया, सीओ, सदर