झांसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का शनिवार को सजीव प्रसारण रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय और केंद्रीय चारा अनुसंधान केंद्र में किसानों को दिखाया गया। प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल से बटन दबाकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी की है। इसके तहत प्रदेश में 1,98,066 किसानों के खाते में 39.61 करोड़ की धनराशि भेेजी गई। इस दौरान प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के घोषणा भी की। यह योजना 2019 से संचालित है, इसके तहत किसानों को साल भर में छह हजार रुपये तीन किस्तों में दिए जाते हैं। यह राशि किसानों की छोटी जरूरतों को पूरा करने में सहायक होती हैं। इस दौरान किसानों को सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी भी दी गई।
सरकार किसानों को दे रही तकनीकी सहयोग: सीएम
झांसी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 23वीं किस्त जारी का वर्चुअल कार्यक्रम कमिश्नरी सभागार में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। उन्हाेंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, योजनाओं के जरिए किसानों की मदद करने, फसलों की पैदावार में तकनीकी सहयोग और सुविधाएं देने का काम कर रही है।