35 लाख हड़पे, पत्नी को धमकाया
झांसी। थाना नवाबाद पुलिस ने तीन लोगोें पर 35 लाख रुपये हड़पने की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना नवाबाद के बजरंग कॉलोनी के पीछे रहने वाले दिलीप कुमार गुप्ता ने थाना मोंठ के कचहरी के सामने रहने वाले पवन सोनी, अर्थ सोनी व रवि सोनी पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी चिरगांव में साड़ी की दुकान है। उनकी पवन सोनी से दोस्ती भी है। दिलीप ने बताया कि पवन ने अपने पिता की तबियत खराब होने पर इलाज के लिए उससे दस लाख रुपये उधार लिए। इसके बाद जरूरत पड़नेे पर उन्होंने गारंटी के तौर पर अलग-अलग लोगों से 25 लाख रुपये और दिला दिए। आरोप है कि 28 अगस्त को पवन के पिता का स्वर्गवास हो गया। कुछ दिन बाद जब उन्होंने रकम मांगी तो पवन ने कहा कि 11 सितंबर को जमीन बेचकर रकम दूंगा या फिर जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम कर दी जाएगी। कुछ दिन बीत जाने के बाद 13 सितंबर की शाम चार लोगों ने घर पहुंचकर पत्नी को धमकी दी कि यदि रकम मांगी तो दिलीप का अपहरण कर उसे मौत के घाट उतार देंगे। आरोप है कि सीसीटीवी कैमरे में चारों व्यक्ति असलहा भी नजर आ रहे हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।