झांसी। बुंदेलखंड की महत्वाकांक्षी केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने आम बजट में 3200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इससे इस जल परियोजना के आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है। सिंचाई अभियंताओं का कहना है कि अगले कुछ माह के भीतर जमीनी स्तर पर इस परियोजना का काम भी आरंभ हो जाएगा।
केन-बेतवा लिंक परियोजना पर कुल 46 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। इनमें से 1200 करोड़ रुपये केंद्र सरकार चालू वित्तीय वर्ष में दे चुकी जबकि नए वित्तीय वर्ष में भी उसने 3200 करोड़ का प्रावधान कर दिया है। पूरे बुंदेलखंड के लिए यह जल परियोजना सबसे अधिक फायदेमंद है। इसमें झांसी, बांदा, महोबा, ललितपुर समेत मध्य प्रदेश के कई जिलों को फायदा होगा। परियोजना के माध्यम से केन नदी के पानी को बेतवा नदी में छोड़ा जाएगा। इसके लिए कुल 221 किलोमीटर लंबी केन-बेतवा लिंक नहर बनाई जाएगी। 18 जनवरी को केन-बेतवा लिंक परियोजना संचालन समिति की तीसरी बैठक में इसके पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन योजना की रुपरेखा भी तय हो गई। अब बजट में 3200 करोड़ के प्रावधान के साथ ही पुनर्वास समेत अन्य कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा सकेंगे। अधीक्षण अभियंता शीलचंद्र उपाध्याय का कहना है कि प्रोजेक्ट पर कुछ माह के भीतर काम शुरू हो जाएगा।