गाज ने बजाया बिजली का ‘बैंड’, फाल्टों की लगी झड़ी
- कमिश्नर आवास और सर्किट हाउस का ट्रांसफार्मर फुंका
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बृहस्पतिवार को लगातार बरसात होने से बिजली फाल्टों की झड़ी लगी रही। गाज गिरने से कमिश्नर आवास, सर्किट हाउस समेत छह स्थानों के ट्रांसफार्मर फुंक गए। इससे संबंधित क्षेत्रों का करंट घंटों गुल रहा। वहीं, बारिश नहीं थमने से बिजली संविदा कर्मचारियों को फाल्ट तलाशने में मशक्कत करनी पड़ी।
सुबह से ही तेज बरसात होने से अलग- अलग स्थानों पर बिजली फाल्ट होने शुरू हो गए। इससे सूती मिल, उन्नावगेट, मेडिकल, जेल चौराहा, रानीमहल, हंसारी, बिजौली, ग्रोथ सेंटर, गल्लामंडी, प्रेमनगर, नंदनपुरा, सीपरी बाजार, गल्लामंडी, पुलिया नंबर नौ और मुन्नालाल विद्युत सबस्टेशन से जुड़े कई क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। गाज गिरने से आईटीआई पर लगे ट्रांसफार्मर के जंपर उड़ गए। इससे चार घंटे बिजली गुल रही। सुबह 10.30 बजे गाज गिरने से कमिश्नर आवास, सर्किट हाउस, रेलवे लाइन के पास मिशन कंपाउंड, सिटी सेंटर के पास जीवनशाह, झारखड़िया मुहल्ला हींगन कटरा और तालपुरा के ट्रांसफार्मर फुंक गये। इसके कुछ घंटे बाद कमिश्नर आवास और सर्किट हाउस की बिजली दूसरे फीडर से जोड़कर सुचारु कर दी गई, मगर अन्य चार क्षेत्रों के ट्रांसफार्मर देर रात तक बदलने की मशक्कत होती रही। इससे संबंधित क्षेत्रों में अंधेरा बना रहा।
उधर, पठौरिया और बाहर दतिया गेट की मुख्य सड़क में जलभराव होने के कारण बरसात का पानी ट्रांसफार्मर तक बढ़ रहा था। बिजली के करंट से कोई अप्रिय घटना न हो, इस कारण संबंधित क्षेत्रों की बिजली को बंद कर दिया गया। इन क्षेत्रों की बिजली शाम पांच बजे फिर से सुचारु की गई। सूती मिल सबस्टेशन से जुड़े कांशीराम आवासीय कालोनी, ग्रासलैंड और अंबावाय बिजली फीडर पर पेड़ गिरने से संबंधित क्षेत्रों की बिजली छह घंटे से अधिक समय तक गुल रही। आईटीआई सिद्धेश्वर नगर फीडर लाइन पर पेड़ से गिरने से चार घंटे बिजली गुल रही।
कई घरों में बिजली उपकरण फुंके
बृहस्पतिवार की सुबह 10.30 बजे से 11.30 बजे के बीच एक के बाद एक छह बार गाज गिरने से कई लोगों के बिजली उपकरण फुंक गए। इसमें पठौरिया, अयोध्या पुरी, महेंद्र पुरी, पाल कालोनी, पंचवटी, मेहंदी बाग, बाहर दतिया गेट, नाले का बाग समेत कई क्षेत्रों में घरों के टीवी, पंखा, इनवर्टर आदि बिजली के उपकरण फुंक गए।