एक महीने से नहीं हो रही पानी की आपूर्ति
- नईबस्ती के निवासियों ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता का घेराव
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जलसंस्थान के महाप्रबंधक कार्यालय पर मंगलवार को नईबस्ती के गोडुआ मुहल्ले के लोगों ने अधिशासी अभियंता का घेराव किया। वह एक महीने से जलापूर्ति नहीं होने के कारण नाराज थे। अधिशासी अभियंता ने मौके पर जाकर स्थिति को देखा और कमियों को दूर कर शीघ्र जलापूर्ति का आश्वासन दिया।
एक महीने से नईबस्ती के गडुआ मुहल्ले में जलापूर्ति नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों ने जलसंस्थान कार्यालय आकर कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को मोहल्ले के नाराज लोग पहले विधायक रवि शर्मा से मिले और बाद में महाप्रबंधक कार्यालय पहुंच गए। यहां मौजूद अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह को उन्होंने समस्या से अवगत कराया। बताया कि नरसिंह राव टंकी पर कभी मोटर तो कभी स्टार्टर खराब बताकर सप्लाई नहीं दी जाती है। वाल्वमेन एक साथ सभी जगह के वाल्व खोल देता है, जिससे पानी उनके क्षेत्र की तरफ आगे नहीं बढ़ पाता। अगर, एक- एक करके वाल्व खोला जाए तो समस्या नहीं होगी। इस मौके पर रामगोपाल, वंदना ठाकुर, रामरती, सीमा, प्रीति साहू, सुनीता साहू, मनीषा, दिनेश, विक्रम मौजूद रहे।