स्नातक छात्रों के पास कॅरियर बनाने का मौका
- बीयू का मॉडल कॅरियर सेंटर में टीसीएस देगी नि:शुल्क प्रशिक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में चल रहे मॉडल कॅरियर सेंटर के जरिए गैर तकनीकी स्नातक पास छात्र-छात्राओं के लिए टाटा कंसल्टेंसी सर्विस (टीसीएस) में रोजगार पाने का मौका है। इसके लिए 30 अक्तूबर 2017 तक मॉडल कॅरियर सेंटर में सुबह 11 से शाम पांच बजे तक आवेदन किया जा सकता है।
मॉडल कॅरियर सेंटर के नोडल ऑफिसर प्रो. प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि टीसीएस प्रतिनिधियों द्वारा सेंटर में साक्षात्कार के बाद चुने गए आवेदकों को एक महीने का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। लिखित परीक्षा, साक्षात्कार के बाद कंपनी द्वारा रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए आवेदक को कम से कम 15 साल की नियमित शिक्षा के साथ वर्ष 2015 या उसके बाद बीए, बीकॉम, बीबीए, बीएससी उत्तीर्ण होना जरूरी है। साथ ही आवेदक हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक परीक्षा न्यूनतम 50 फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। आवेदन के समय आयु 21 से 25 साल के बीच होना आवश्यक है। शैक्षिक प्रमाणपत्र (मूल और एक फोटोकॉपी का सेट), पासपोर्ट साइज का फोटोग्राफ जाति प्रमाणपत्र, आधार कार्ड लेकर आवेदक 30 अक्तूबर 2017 तक बीयू के मॉडल कॅरियर सेंटर में सुबह 11 से शाम पांच बजे तक संपर्क कर सकते हैं। साक्षात्कार के आधार पर ही उम्मीदवार का प्रशिक्षण के लिए चयन होगा। मॉडल कॅरियर सेंटर से संपर्क कर सकते हैं।