--------
फोटो - सीएम हाफ कालम
---------------------
कर्ज माफी प्रमाणपत्र देने आ सकते हैं योगी
सब हेड: पहले चरण में जिले के 11,055 किसानों को मिलना है फसली ऋण मोचन योजना का लाभ
क्रासर
66.18 करोड़ रुपये होंगे माफ, तैयारियां शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
‘फसली ऋण मोचन योजना’ के अंतर्गत पहले चरण में कर्ज माफी के प्रमाण पत्र बांटने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ सकते हैं। हालांकि अभी तक उनका आना तय नहीं हुआ है, लेकिन शासन ने तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं। इस कारण कृषि विभाग ने बड़ा पंडाल लगाने के लिए ठेकेदारों से टेंडर मांगे हैं। जिले में पहले चरण में 11055 किसानों के 66.18 करोड़ रुपये माफ होंगे।
लघु व सीमांत किसानों का एक लाख रुपये तक का कर्ज माफ होना है। जिले में एक लाख किसान हैं, जिन्हें कर्ज माफी का लाभ मिलेगा। शासन ने तय किया है कि 05 सितंबर को जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह किसानाें को कर्ज माफी का प्रमाणपत्र बांटेंगे, जिससे 11,055 किसानों का 66,17,67,547.47 रुपये का कर्ज माफ होगा। कृषि विभाग प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा था कि शासन से मुख्यमंत्री के आने की संभावना व्यक्त कर दी। शासन से मिले निर्देशों के अनुसार मुख्यमंत्री प्रदेश के किन्हीं दस जिलों में ऋण माफी के प्रमाणपत्र बांटने जाएंगे। इससे विभाग और अलर्ट हो गया है। कोई व्यवधान न रहे, इसलिए आनन- फानन में विभाग ने पंडाल सजावट का टेंडर निकाल दिया है। मुख्यमंत्री के आने की संभावनाओं को देखते हुए राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में सभा कराने का निर्णय लिया जा सकता है, लेकिन अभी न तो जिलों में नाम तय हुए हैं और न ही मुख्यमंत्री के आगमन की तिथि, ऐसे में अधिकारी केवल संभावनाओं के आधार पर तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इसलिए आ सकते हैं
विधानसभा चुनाव में पहली बार भारतीय जनता पार्टी ने बुंदेलखंड के सात जिलों की सभी विधानसभा सीटें जीती हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली बार झांसी आए थे, तब उन्होंने इस बात को स्वीकार किया था कि बुंदेलखंड उनके लिए बहुत प्रिय है, क्योंकि यहां पार्टी ने सभी सीटें जीती हैं। इसलिए संभावना जताई जा रही है कि सीएम झांसी में किसानों को प्रमाण पत्र बांटने आ सकते हैं।
बदल सकती है तारीख
मुख्यमंत्री दस जिलों में प्रमाणपत्र बांटने जाएंगे। हो सकता है कि झांसी भी आ जाएं, इसलिए तैयारियां उसी हिसाब से चल रही हैं। यदि मुख्यमंत्री आएंगे तो कार्यक्रम की तिथि बदल सकती है।
- दुर्गेश कुमार सिंह
जिला कृषि अधिकारी