प्री-मानसून की पहली बारिश झमाझम
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
जिले में प्री-मानसून की पहली बारिश झमाझम हुई। सुबह से ही बारिश की संभावना नजर आने लगी थी। शाम होते-होते काले बादल घिरने के बाद लगभग 45 मिनट तक तेज हवाओं के साथ मेघा जमकर बरसे। बारिश रुकने के बाद ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। दूसरी तरफ, बारिश के दौरान कुछ जगह फाल्ट के कारण कई इलाकों की बिजली गुल हो गई।
पूर्वी हवाएं चलनी शुरू हो जाने के कारण मौसम विभाग ने मंगलवार से प्री मानसून की दस्तक की संभावना जताई थी और हुआ भी यही। सुबह से हल्की धूप के कारण उमस बनी हुई थी लेकिन दोपहर होते ही मौसम का रंग बदलने लगा। शाम पांच बजे शहर में मध्य प्रदेश की ओर से आए घने काले बादल छा गए। इससे तय हो गया कि अच्छी बारिश होगी। बारिश से पहले कुछ देर के लिए चली ठंडी हवाओं ने उमस को दूर कर दिया। इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई, जो लगभग 45 मिनट चल जारी रही। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस गिरकर 34 पर पहुंच गया। तेज हवाओं के साथ हुई कुछ देर अफरातफरी का माहौल रहा। ट्रैफिक थम गया। एहतियातन बिजली के कई फीडर बंद कर दिए गए। कुछ इलाकों में फाल्ट के कारण बिजली गुल हो गई। जलभराव से लोगों को दिक्कत भी हुई।
झांसी। शहर में झमाझम बारिश होने से कहीं राहत तो कहीं परेशानी हुई। तापमान और उमस कम होने से लोगों को एक तरफ गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी तरफ कई क्षेत्रों की सड़क पानी से लबालब हो गईं। जिन इलाकों में मकान से सड़कें ऊंची थीं, वहां घरों के अंदर पानी घुस गया। तेज हवाएं चलने से कई जगहों पर पेड़ टूट गए। इससे लोगों को परेशान होना पड़ा।
जैसा पूर्वानुमान था, मंगलवार को वैसा ही हुआ। शाम को तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई, इससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। हालांकि, पानी भर जाने से सड़कें लबालब हो गईं। शहर के नई बस्ती, पानीवाली धर्मशाला, मेहंदीबाग, आवास विकास पीरिया रोड, खुशीपुरा, ताज कंपाउंड, नंदनपुरा, हींगनकटरा, छनियापुरा, तलइया मोहल्ला, गंधीगर टपरा, नरिया बाजार, सर्राफा बाजार समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। यहां के कुछ मुहल्लों की सड़कें घरों से ऊंची होने से पानी घुस गया। बारिश थमने के बाद धीरे-धीरे पानी निकल गया. लेकिन लोगों को लगभग डेढ़ घंटे तक जलभराव से परेशान होना पड़ा। बारिश के बाद कई इलाकों की सड़कों पर कीचड़ हो गया। वाहन फिसलते बचे। नाले और नालियां ओवरफ्लो होने की वजह से गंदगी सड़कों और गलियों तक पहुंच गई। वहीं, विकास भवन के सामने, जीआईसी और ध्यानचंद स्टेडियम के पास पेड़ टूटकर गिर गया। कुछ जगह लोगों ने इन्हें सड़क से हटाकर किनारे किया। हालांकि, पेड़ गिरने से किसी को कोई क्षति नहीं पहुंची।