झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में अब 31 कुलाधिपति पदक दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने सोमवार को एमबीबीएस, बीएड और एमएड का रिजल्ट घोषित कर दिया है।
बीयू ने अब तक एक स्वर्ण, 11 रजत और 16 कांस्य पदक विजेताओं की सूची जारी की थी। तीन कोर्सों का परीक्षा परिणाम जारी नहीं हो पाया था। सोमवार को एमबीबीएस, एमएड और बीएड कोर्सों में टॉप करने वाले विद्यार्थियों की सूची जारी कर दी गई। इसमें एमएड की परीक्षाओं में सर्वाधिक प्राप्तांक प्रतिशत के लिए बांदा के अतर्रा पीजी कॉलेज की अंशी सिंह को कुलाधिपति रजत पदक मिला है। छात्रा को 81.83 फीसदी अंक प्राप्त हुए हैं।
एमबीबीएस में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के अर्नव चौहान को 68.89 फीसदी अंक पाने पर कुलाधिपति कांस्य पदक मिला है। इसके अलावा बीएड में 83.70 फीसदी अंक पाने पर केएस कॉलेज ऑफ एजूकेशन, मऊरानीपुर की क्षमा रावत को कुलाधिपति कांस्य पदक मिला है।
सूची जारी होने के बाद 12 जनवरी तक आपत्तियां मांगी हैं। कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि अभिलेखीय साक्ष्यों के साथ छात्र परीक्षा नियंत्रक कार्यालय अथवा academic@bujhansi.ac.in पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।