झांसी। अमृत भारत योजना के तहत रेल प्रशासन झांसी मंडल के 30 रेलवे स्टेशनों को उच्चीकृत करेगा। इन स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
इसके तहत झांसी व खजुराहो के स्टेशन को भी नया रूप दिया जाएगा। इसकी डिजाइन तैयार कराई जा रही है, जो अप्रैल तक बन जाएगी। इसके बाद काम शुरू कर दिया जाएगा। मंगलवार को यह जानकारी मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष ने दी।
ऑफिस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डीआरएम ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन स्कीम के पहले चरण में मंडल के पंद्रह स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा। इनमें बांदा, मुरैना, महोबा, चित्रकूट, डबरा, दतिया, ललितपुर, उरई, पुखरायां, घाटमपुर, भिंड, हरपालपुर, टीकमगढ़, छतरपुर और ओरछा शामिल हैं।
जबकि, दूसरे चरण में अतर्रा, बबीना, बेलाताल, भारुआसुमेरपुर, कालपी, कुलपहाड़, मऊरानीपुर, निवाड़ी, रागौल, तालबेहट, एट, हमीरपुर रोड, कोंच व शनिचरा स्टेशन का जीर्णोद्धार होगा। इन सभी स्टेशनों पर भविष्य की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य कराए जाएंगे। सभी जगह यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी की जाएगी।
इस मौके पर मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति) डीपी गर्ग, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी व वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक संतोष कुमार मौजूद रहे।