03 घंटे 40 मिनट झांसी में बिताएंगे मुख्यमंत्री
झांसी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को झांसी दौरे पर आएंगे। वे यहां तीन घंटे चालीस मिनट बिताएंगे। इस दरम्यान सीएम कलक्ट्रेट में इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर का निरीक्षण करेंगे तथा एक गांव में जाकर वहां का हाल जानेंगे। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों व अफसरों के साथ बैठक कर कोरोना से निपटने की आगे की रणनीति तैयार करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से चलकर सुबह 10.55 बजे पुलिस लाइन में स्थित हैलीपेड पर पहुंचेंगे। यहां से वे 11 बजे कलक्ट्रेट में स्थित कोविड कमांड सेंटर पहुंचेंगे। 15 मिनट तक कमांड सेंटर का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री 11.20 बजे महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के सभागार में पहुंच जाएंगे। यहां वे झांसी मंडल के जनप्रतिनिधियों, जिले के अधिकारियों व मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। मंडल के जालौन और ललितपुर जिले के जिलाधिकारी व अन्य अफसर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बैठक में जुड़ेंगे। बैठक में सीएम जनप्रतिनिधियों व अफसरों से सीधा संवाद जानेंगे। कोरोना की दूसरी लहर के दरम्यान सामने आईं कमियों व तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। लगभग एक घंटे की बैठक के बात मुख्यमंत्री किसी एक गांव के औचक निरीक्षण के लिए जाएंगे। बिरगुवां व मुस्तरा गांव जाने की ज्यादा संभावना है। गांव में वे तकरीबन एक घंटे गुजारेंगे। इस दरम्यान गांव में उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों का हाल जानेंगे। ग्रामीणों से सीधा संवाद कर कोरोना काल में उन्हें मिल रहीं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी लेंगे। सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की धरातल पर स्थिति का भी पता लगाएंगे। इसके बाद दोपहर 02.35 बजे पुलिस लाइन पहुंचकर हेलीकॉप्टर से बांदा के लिए रवाना हो जाएंगे।