यह दिवाली झांसी के किसानों के लिए एक बड़ी सौगात लेकर आ रही है। तमाम बाधाओं को पार करते हुए 8 साल के भीतर बबीना नहर परियोजना पूरी हो गई है। अक्तूबर के अंतिम सप्ताह या फिर नवंबर के पहले हफ्ते से रबी सीजन में इसका संचालन शुरू हो जाएगा। फिलहाल इससे 3200 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की जा सकेगी।
दरअसल सिंचाई के संसाधनों के मामले मेें बबीना ब्लॉक सर्वाधिक बदहाल है। यहां जलस्तर लगातार नीचे खिसकने से नलकूप पानी का साथ छोड़ जाते हैं। किसानों को बार बार बोरिंग कराना पड़ता है। इस क्षेत्र में पानी की समस्या को दूर करने के लिए 24 सितंबर 2014 को बबीना नहर प्रणाली स्वीकृत हुई। इसका काम पांच साल में पूरा होना था लेकिन, भू-अधिग्रहण समेत अन्य मामलोें में उलझ जाने से काम पूरा नहीं हुआ।
काफी समय तक काम भी ठप पड़ा रहा। तीन साल पहले दोबारा काम शुरू हुआ। अब जाकर नहर संबंधित काम पूरा हुआ है। विभाग ट्रायल भी करा चुका है। सिंचाई अफसरों के मुताबिक 250 करोड़ की इस परियोजना की मदद से रबी सीजन में 3200 हेक्टयर एवं 1200 हेक्टेयर खरीफ सीजन में पानी दिया जा सकेगा। इससे इन इलाकों में गेहूं समेत दलहन एवं तिलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
बेतवा से पानी लिफ्ट करके सौ फुट ऊंचाई पर बनी नहर में डाला जाएगा पानी
इस परियोजना के जरिए बेतवा नदी से 39.71 किलोमीटर लंबी नहर निकाली गई है। यह नहर नदी की सतह से करीब 100 फुट ऊचांई से निकाली गई है। बेतवा से पानी निकालकर पंप के जरिए यह पूरा पानी लिफ्ट करके नहर में डाला जाएगा। इसके बाद यह पानी खेतों तक पहुंचेगा। इसके लिए यहां विशाल पंप लगाए गए हैं।
इनको होगा फायदा
बड़ौरा, बघौरा, घिसौली, बबीना, पूरा, पृथ्वीपुर, नया खेड़ा, सुकुवां, सिमिरिया, रसीना, मानपुर, कोठी, सेंकर, नोहरा, ठाकुरपुरा, लहर ठाकुरपुरा समेत आसपास के 5240 किसानों को इस नहर से फायदा होगा।
बबीना नहर का निर्माण कार्य तकरीबन पूरा हो गया। दीपावली से इसे आरंभ करने की योजना है। आगामी रवी सीजन में इससे पानी मिल सकेगा।
-शीलचंद्र उपाध्याय, अधीक्षण अभियंता, सिंचाई