कोहरे के कारण सोमवार तक 20 घंटे से अधिक देरी से चल रही निजामुद्दीन जबलपुर एक्सप्रेस को मंगलवार को निरस्त कर दिया गया है। मंगलवार को बरौनी ग्वालियर मेल सबसे अधिक 25 घंटे देरी से झांसी आई। इसी तरह शताब्दी एक्सप्रेस समेत अन्य गाड़ियां भी अपने निर्धारित समय से लेट चल रही हैं। ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्रियों का बुरा हाल है।
घने कोहरे और सर्दी के कारण ट्रेनें पटरियों पर रेंग रही है। मंगलवार को ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए पूछताछ कार्यालय में यात्रियों का जमघट लगा रहा। ऐसा ही हाल प्लेटफार्म, वेटिंग रूम व रेलवे परिसर का रहा। मंगलवार को निजामुद्दीन जबलपुर एक्सप्रेस को रद कर दिया गया। इससे जबलपुर की तरफ जाने के लिए यात्री परेशान रहे।
इतना ही नहीं बरौनी ग्वालियर मेल 25 घंटे व ग्वालियर बरौनी मेल 23 घंटे देरी से झांसी आई। इसके अलावा नई दिल्ली से हबीबगंज जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से साढ़े तीन घंटे की देरी से झांसी आई। इस कारण शताब्दी एक्सप्रेस के इंतजार में वीआईपी यात्रियों का बुरा हाल रहा। शताब्दी एक्सप्रेस के हबीबगंज विलंब से पहुंचने के कारण वापसी में भी यह ट्रेन पांच घंटे विलंब से आई।
तीन घंटे से अधिक देरी से आने वाली ट्रेनों के यात्रियों को दूसरी गाड़ी में जाने के लिए परमिट किया गया। यहीं नहीं ट्रेनों की लेटलतीफी ने दर्जनों यात्रियों को टिकट निरस्त कराने पर मजबूर कर दिया। दो सौ से अधिक यात्रियों ने अपने आरक्षित टिकट रिफंड कराए। नियमानुसार तीन घंटे से अधिक देरी वाली ट्रेनों पर यात्रियों को पूरा रिफंड प्रदान किया गया। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेनों का संचालन जब तक पटरी पर नहीं लौटता है, तब तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी। यात्री ट्रेन की पोजीशन लेकर ही घर से निकले, ताकि उनको स्टेशन पर ट्रेन का लंबा इंतजार न करना पड़े।
ये गाड़ियां आईं लेट
दिल्ली की तरफ से रात के समय आने वाली 12616 अप जीटी एक्सप्रेस साढ़े चौदह घंटे, 12628 अप कर्नाटक एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, 12622 अप तमिलनाडु एक्सप्रेस छह घंटे, 11058 अप पठान कोट एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, 12722 अप सदर्न एक्सप्रेस पांच घंटे, 12448 अप यूपी संपर्क क्रांति साढ़े आठ घंटे, 12191 नई दिल्ली जबलपुर एक्सप्रेस साढ़े सोलह घंटे, 12716 अप सचखंड एक्सप्रेस 22 घंटे, 12724 अप आंध्रा एक्सप्रेस सवा तेरह घंटे, 12410 गोड़वाना एक्सप्रेस 15 घंटे, 12715 सचखंड एक्सप्रेस साढ़े दस घंटे, 12621 तमिलनाडु एक्सप्रेस 11 घंटे, 12448 यूपी संपर्क क्रांति नौ घंटे, 11058 पठानकोट एक्सप्रेस छह घंटे, 12625 केरला एक्सप्रेस तीन घंटे लेट आई।
छह घंटे देरी से गई ताज
कोहरे के कारण देरी से चल रही ताज एक्सप्रेस मंगलवार को झांसी से छह घंटे देरी से रवाना हो सकी। चूंकि दिल्ली जाने के लिए यह ट्रेन सबसे सुलभ मानी जाती है। इस गाड़ी के देरी से जाने के कारण मजबूरन यात्रियों को दूसरी सवारी गाड़ियों का सहारा लेना पड़ा। इस कारण देरी से चल रही दिल्ली की तरफ जाने वाली पंजाब मेल, झेलम एक्सप्रेस, पठान कोट एक्सप्रेस के जनरल कोच में पैर रखने की जगह नहीं रही।