झांसी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) के झांसी परिक्षेत्र को अप्रैल माह में लोहिया ग्रामीण बस सेवा के अंतर्गत मुख्यालय से 25 बसें और मिलेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के लगभग प्रत्येक जिलों को ग्रामीण बस सेवा के तहत 15-15 लोहिया बसों का आवंटन किया जाना है। वर्ष 2015 में प्रथम चरण में इन जिलों को पांच-पांच लोहिया बसेें मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। झांसी परिक्षेत्र को भी 20 लोहिया बसें प्राप्त हुई थीं, जिन्हें सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ललितपुर में हरी झंडी दिखाई थी। यात्री किराए में 25 प्रतिशत की कमी होने एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय तक आने-जाने में विशेष सहायक बनने में इन बसों ने अच्छी खासी सफलता पाई। ऐसे में मंडल के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोहिया बसों के संचालन की मांग उठती रही है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक नए वित्तीय वर्ष 2016-17 के अप्रैल माह में द्वितीय चरण के तहत शेष 25 लोहिया बसें मुख्यालय से झांसी परिक्षेत्र को प्राप्त हो सकती हैं। जिनका संचालन झांसी एवं जालौन के विभिन्न ग्रामीण मार्गों पर किया जाएगा। गौरतलब है कि वर्तमान में चल रहीं 20 लोहिया बसें ललितपुर के ग्रामीण अंचलों में दौड़ रही हैं, जो झांसी भी आती हैं।
नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में झांसी मंडल को द्वितीय चरण में शेष 25 लोहिया बसें प्राप्त हो जाएंगी। निश्चित तौर पर इससे ग्रामीण क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुधरेगी।
- डीवी सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक - रोडवेज