झांसी। एक गांव से दूसरे गांव को जोड़ने के लिए जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चौबीस नई सड़कें बनेंगी। शनिवार को यह प्रस्ताव जिला पंचायत के सदस्यों द्वारा शनिवार को बोर्ड बैठक में लाया गया, जिस पर सर्वसम्मति से मुहर लगी। इस दौरान सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याएं भी उठाईं।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष प्रतिमा यादव ने की। बोर्ड के सभी चौबीस सदस्यों ने संपर्क मार्गों का प्रस्ताव रखा। यह मार्ग एक गांव को दूसरे गांव को जोड़ेंगे। कच्चे मार्गों का डामरीकरण कर पक्की सड़क बनाई जाएगी। सभी सदस्यों की ओर से लगभग एक-एक करोड़ की लागत की सड़कों के प्रस्ताव आए। इस पर बोर्ड ने मुहर लगा दी। अब यह प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे।
बैठक में जिला पंचायत के लिए चौपहिया वाहन खरीदने पर भी सहमति बनी।
जिला पंचायत सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं को भी उठाया। खासतौर पर पानी-बिजली से जुड़ीं समस्याएं छाई रहीं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में राशन वितरण में अनियमितता का मामला भी खूब उछला। राशन कार्ड न मिलने की समस्या भी उठाई गई। बैठक में कई विभागों के अधिकारियों के न पहुंचने पर सदस्यों ने गहरा असंतोष जताया। अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
इस मौके पर विधायक कृष्णपाल राजपूत, मुख्य विकास अधिकारी चंद्र विजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य शिवेंद्र प्रताप सिंह, दीपेंद्र यादव, भारत सिंह यादव, वीरेंद्र यादव, आलखंड आदि मौजूद रहे।