झांसी। राजकीय संग्रहालय की जल्द ही सूरत बदलेगी। पर्यटन मंत्रालय 24 करोड़ से नवीनीकरण कराकर संग्रहालय को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ेगा, ताकि काफी संख्या में देश-दुनिया के पर्यटक यहां आएं। इसके अलावा पांच करोड़ से राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की जन्मस्थली का विकास किया जाएगा। समीक्षा बैठक के यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मीडिया को दी।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि झांसी की ईको टूरिज्म की एक परियोजना भी कार्ययोजना में शामिल करेंगे। अवैध कारोबार/धंधे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजनीतिक या गैर राजनीतिक जिसकी भी संलिप्तता पाई जाती है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यूनिवर्सिटी, डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज की ओर से युवा क्लब के गठन का प्रस्ताव आता है तो आर्थिक मदद की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने के प्रस्ताव पर सांस्कृतिक विभाग नि:शुल्क कलाकार उपलब्ध कराएगा। कहा कि राजकीय संग्रहालय में आउटसोर्स पर कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इस संबंध में डीएम को निर्देश दिए। पर्यटन नीति-2022 में पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया है। पांच कमरे के होम स्टे से लेकर फाइव स्टार होटल के निर्माण या निवेश करेगा, उसे 25 फीसदी सब्सिडी दी जाएगी।
झांसी की ये उपलब्धियां गिनाईं
......................................
- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2017 से अब तक 2.87 लाख किसानों के खाते में 924.49 करोड़ की राशि भेजी।
- प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2017 से अब तक 13.35 लाख किसानों को 832.20 करोड़ क्षतिपूर्ति का भुगतान किया।
- पीएम कुसुम योजना के तहत 12 सालों में किसानों के खेत पर 46.91 करोड़ व्यय कर 2780 सोलर पंप स्थापित किए गए।
- राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 12 वर्षों में 40.95 करोड़ से 6387 खेत तालाबों का निर्माण कराया गया।
- आयुष्मान योजना के तहत 5.16 लाख आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाते हुए 96181 लाभार्थियों ने नि:शुल्क इलाज कराया।
- स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के तहत 12 सालों में 2,14,106 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण 256 करोड़ से कराया गया।
- पीएम आवास योजना ग्रामीण में 33704 आवासों के निर्माण पर 404 करोड़, सीएम आवास के तहत 13682 आवासों के निर्माण में 164 करोड़ व्यय किया।
- सर्व शिक्षा अभियान के तहत 1625509 विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक और 1557443 छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर वितरित किए।
- अंत्योदय अन्न योजना के तहत 45831 राशन कार्डधारकों को 14 किलो गेहूं, 21 किलो चावल प्रति राशन कार्ड हर माह और पात्र गृहस्थी राशन कार्डों में 1265515 यूनिटों को दो किलो गेहूं और तीन किलो चार प्रति यूनिट हर माह नि:शुल्क वितरित किया गया।