मई में छात्र-छात्राएं निखारेंगे अपना कौशल
झांसी। मई में लगभग सभी स्कूल - कॉलेजों में गर्मियों की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। घर पर बैठे विद्यार्थियों का समय बेकार न जाए, इसके लिए कई सामाजिक संस्थाओं ने समर कैंप लगाने की तिथियां तय कर दी हैं। जिला पुस्तकालय में 20 मई से और सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में 15 मई से समर कैंप शुरू हो जाएंगे।
इन कैंपों में बच्चों की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों द्वारा निखारा जाएगा। इसके अलावा विशेषज्ञ नई तकनीकों पर भी प्रशिक्षित करेंगे। सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट के सचिव मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि इंस्टीट्यूट परिसर में 15 से 29 मई तक लगने वाले समर कैंप में क्रिकेट, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, टेबिल टेनिस, मार्शल आर्ट, फुटबाल, व स्नूकर का प्रशिक्षण दस से 19 वर्ष तक के बच्चों को दिया जाएगा। रजिस्ट्रेशन शुल्क 100 रुपये रहेगा और समापन कार्यक्रम में सभी को स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
इधर, जिला पुस्तकालयाध्यक्ष मधुलिका खरे ने बताया कि पुस्तकालय क ी बाल लाइब्रेरी सभागार में 20 से 30 मई तक समर कैंप लगेगा। इसमें सरकारी व प्राइवेट सभी स्कूलों के विद्यार्थियों को अंग्रेजी बोलने, कंप्यूटर सिखाने, आर्ट एंड क्राफ्ट व इंटरनेट तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें 14 वर्ष तक के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे, जिन्हें बाद में पुरस्कृत किया जाएगा।