बरुआसागर में पहाड़ी काटकर बनेगा मिनी स्टेडियम
- निरीक्षण के बाद बनी सहमति
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए बरुआसागर में मिनी स्टेडियम बनाने के लिए जगह फाइनल हो गई है। मिनी स्टेडियम पहाड़ी काटकर बनाया जाएगा।
केंद्र और राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास कर रही है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देकर उन्हें अच्छा खिलाड़ी बनाकर प्रदेश और नेशनल स्तर पर प्रतिभाग करने के लिए आगे बढ़ा रही हैं। बरुआसागर में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराने के लिए जीजीआईसी के पास जमीन का चयन किया गया है। 165 फिट लंबे और 140 फिट चौड़े स्टेडियम को बहुउद्देशीय बनाया जाएगा। स्टेडियम बनाने के लिए जमीन देखी गई। नगर पालिका के अवर अभियंता विकास साहू व प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने खेल मैदान के लिए पहाड़ी के एक हिस्से की जमीन फाइनल कर दी है। पहाड़ी का कुछ हिस्सा काटकर जीजीआईसी की जगह पर मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।
प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि खेल विभाग की ओर से वहां पर धावकों के लिए 200 मीटर का ट्रैक, एथलीट, फुटबॉल और कबड्डी के फील्ड बनेंगे। प्रशासनिक भवन व दर्शक दीर्घा भी बनाई जाएगी। जल्द ही इसका एस्टीमेट तैयार किया जाएगा।