29 घंटे देरी से आई साबरमती एक्सप्रेस
ग्वालियर-बरौनी रद्द, कानपुर की ओर जाने के लिए परेशान रहे यात्री
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
सर्दी कम और कोहरा गायब होने के बाद भी कुछ ट्रेनों की चाल प्रभावित बनी हुई है। 22 घंटे देरी से आने के कारण सोमवार को ग्वालियर-बरौनी छपरा मेल को रद्द कर दिया गया। दरभंगा से अहमदाबाद जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस 29 घंटे देरी से आई। इससे कानपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोहरे की चादर हटने के बाद भी ट्रेनों की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने लगा है। बरौनी-ग्वालियर छपरा मेल के 22 घंटे देरी से ग्वालियर पहुंची, इस कारण सोमवार ग्वालियर-बरौनी छपरा मेल को रद्द कर दिया गया। चूंकि, कानपुर और लखनऊ तक जाने वाले यात्रियों को इस ट्रेन में आसानी से कन्फर्म बर्थ मिल जाती हैं। इस ट्रेन के रद्द रहने से मजबूरन दूसरी ट्रेनों में बिना कन्फर्म सीट के यात्रा करना पड़ा। इससे यात्री परेशान रहे। वहीं, 19166 साबरमती एक्सप्रेस 29 घंटे, 19168 साबरमती एक्सप्रेस चार घंटे, 12541 लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस, 12138 पंजाब मेल तीन घंटे, 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस पांच घंटे देरी से आई। वहीं, ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए पूछताछ कार्यालय में यात्रियों का जमघट लगा रहा। तीन घंटे से अधिक देरी से आने वाली ट्रेनों के यात्रियों को दूसरी गाड़ी में जाने के लिए परमिट किया गया।