आवारा कुत्तों का होगा बधियाकरण
झांसी। आवारा कुत्तों की धरपकड़ कर बधियाकरण और टीकाकरण करने का काम एक एजेंसी को सौंपा गया है। टीम विशेष अभियान चलाकर कुत्तों को पकड़ने का काम करेगी। पकड़े गए सभी कुत्तों को बिजौली में बनाया गया एनिमल्स बर्थ कंट्रोल सेंटर ले जाया जाएगा।
आवारा क़ुत्ते बड़ी समस्या बन गए हैं। दूसरी ओर गर्मी के मौसम में कुत्ते और हमलावर हो जाते हैं। इस समस्या से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने कदम उठाया है। महापौर रामतीर्थ सिंघल ने पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके निरंजन को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। डॉ. निरंजन ने बताया कि चुनाव के पूर्व नगर निगम के कुछ कर्मचारियों को कुत्तों को पकड़कर उनका बधियाकरण करने के काम पर लगाया गया था। लेकिन, चुनाव के कारण अभियान रुक गया। दूसरी ओर कर्मचारियों का अभाव होने कारण अभियान पर असर पड़ रहा था। इसे ध्यान में रखते हुए अब यह काम एक एजेंसी को सौंपा गया है। साथ ही बिजौली में एनिमल्स बर्थ कंट्रोल सेंटर की स्थापना हुई है, जहां बधियाकरण और टीकाकरण का काम किया जाएगा।