शिक्षा हर बच्चे का अधिकार
झांसी। रविवार को मदरसा इस्लामिया जामा मस्जिद सराय में ड्रेस व परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित प्रताप ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि मदरसों की शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रयास जारी हैं। जल्द ही मदरसों में स्मार्ट क्लास को शुरू किया जाएगा। जिले में कई सरकारी स्कूल व मदरसे संचालित हैं, जहां पर मुफ्त शिक्षा देने का प्रावधान है। इस मौके पर कई स्कूली बच्चों को ड्रेस वितरित की गई। इस मौके पर तीन अध्यापकों के सेवानिवृत होने पर विदाई समारोह भी हुआ। अध्यक्ष शाहिद नसीम, प्रबंधक चौधरी मसरूर, प्रधानाचार्य डॉ. फारूक अहमद मौजूद रहे।