मेडिकल में मरीजों को मिलेंगी भरपूर सरकारी दवाएं
झांसी। प्रदेश सरकार ने अपने पहले अनुपूरक बजट में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज को अलग-अलग मदों में 19.14 करोड़ रुपये का बजट दिया है। इस रकम से दवाओं की खरीद होगी और खराब मशीनों की मरम्मत की जाएगी। बकाए का भी भुगतान होगा। इससे अब मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं नहीं खरीदनी पड़ेंगी। उन्हें अस्पताल से ही सरकारी दवाएं मुफ्त मिलेंगी।
सोमवार को प्रदेश सरकार ने अपना अनुपूरक बजट पेश किया। बजट में स्वास्थ्य सुविधाओं पर ज्यादा जोर दिखा। पीजीआई, केजीएमयू, लोहिया इंस्टीट्यूट समेत प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों को मिलाकर 800 करोड़ रुपये का बजट स्वास्थ्य क्षेत्र को दिया है। इसमें महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज को 4.14 करोड़ रुपये दिए गए हैं। साथ ही झांसी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालय के लिए भी अलग से 15 करोड़ रुपये अलग से मिले हैं। कुल मिलाकर महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज को 19.14 करोड़ रुपये मिले हैं। इस बजट से मरीजों के लिए दवाएं खरीदी जाएंगी। इसके अलावा संसाधन आदि पर भी पैसा खर्च होगा। उल्लेखनीय है कि मेडिकल कालेज में बजट की कमी की वजह से अक्सर दवाओं का टोटा बना रहता है। मरीजों को मजबूरी में बाहर से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती है। लेकिन, पर्याप्त बजट मिलने से आगामी छह माह तक मेडिकल में दवाओं की समस्या नहीं रहेगी।
नौ करोड़ की मांग की थी
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शासन को प्रस्ताव भेजकर दवाओं के लिए नौ करोड़ रुपये की मांग की थी। इसके अलावा सर्जिकल में दो करोड़, अनुरक्षण, भोजन, उपकरण, डीजल आदि के लिए भी पैसा मांगा था। सरकार ने मेडिकल कॉलेज की मांग से ज्यादा बजट दे दिया है।
क्रय समिति की बैठक कल
मेडिकल कॉलेज में ई-टेंडरिंग के लिए बृहस्पतिवार को क्रय समिति की बैठक बुलाई गई है। मेडिकल कॉलेज में अब तक रेट कांट्रेक्ट वाली कंपनियों से दवाओं की सप्लाई होती थी, लेकिन अब प्रदेश सरकार ने सभी कार्य ई-टेंडरिंग के जरिए करने के निर्देश दिए हैं। ई-टेंडरिंग दिसंबर या जनवरी के प्रथम सप्ताह तक हो जाएगी।
‘अमर उजाला’ ने लगातार उजागर करता रहा समस्या
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में दवाओं आदि की समस्या को लेकर ‘अमर उजाला’ लगातार खबरें प्रकाशित कर समस्याओं को उजागर करता रहा। पिछले महीने दवाएं खत्म हो जाने का मामला प्रमुखता से उठाने पर जिला प्रशासन ने शासन के आला अधिकारियों से बात करके रातों रात दस लाख रुपये की दवाएं मंगवाई। अधिकारियों के संज्ञान में मेडिकल कॉलेज की समस्या आई।
खरीदेंगे दवाएं, देंगे सुविधाएं
बजट जारी होने की जानकारी मिली है। रकम मिलते ही दवाओं की खरीद की जाएगी। हर मरीज को दवाएं व अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। 10 लाख रुपये की दवाओं की खरीद का ऑर्डर भी जारी किया जा चुका है। - डॉ. हरीशचंद्र आर्या, सीएमएस।