नवरात्र का लोगो लगाएं
-------------------
फोटो
अष्टमी पर पूजी गईं मां महागौरी, पोशाक चढ़ाई
- मंदिरों में उमड़े भक्त, जगह-जगह हुआ प्रसाद वितरण
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
महानगर के देवी मंदिरों में नवरात्र की अष्टमी पर मां महागौरी की पूजा हुई और कई धार्मिक अनुष्ठान हुए। श्रद्धालुओं ने मां जगदंबा को प्रसाद व पोशाक चढ़ाकर भजन-कीर्तन किए। जगह-जगह प्रसाद वितरण किया गया तथा कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया।
बृहस्पतिवार को अष्टमी पर सुबह से ही जय मां अंबे, जय जगदंबे के जयकारों के बीच पंचकुइयां मंदिर में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मां शीतला एवं मां संकटा के दर्शन के लिए उमड़ने लगी। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर मां को प्रसाद अर्पित किया। कई श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के बीच पोशाक भी चढ़ाई। अष्टमी पर पंचकुइयां मंदिर क्षेत्र में लगे मेले में काफी भीड़ रही। इधर, सीपरी के लहरगिर्द मंदिर में भी ढोल-नगाढ़ों की थाप पर श्रद्धालुओं ने मां जगदंबा की पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में हुए भजन कार्यक्रम में श्रद्धालु जमकर थिरके। शारदीय नवरात्र पर मंदिर की आकर्षक सजावट की गई है।
महानगर के अन्य देवी मंदिरों में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की पहाड़ी पर मां कैमासन मंदिर, मैमासन मंदिर, लक्ष्मी तालाब के तट से लगे महाकाली मंदिर, लक्ष्मी मंदिर, सदर बाजार में महाकाली मंदिर, खटकयाना में काली मंदिर में श्रद्धालुओं ने अष्टमी की पूजा की और भजन गाए। सभी मंदिरों को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया। अष्टमी पर कई श्रद्धालुओं ने घरों में कन्याओं का पूजन किया और उन्हें भोजन कराया व दक्षिणा तथा उपहार दिए। इसके अलावा महानगर के अधिकांश प्रमुख बाजारों में भी प्रसाद वितरण हुआ।