जुलाई में जम्मू जाने वाली ट्रेनों में सीटें फुल
अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को नहीं मिल रही कन्फर्म टिकट
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
अगर आप कश्मीर में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जाना चाहते हैं और पहले से टिकट बुक नहीं कराया है तो ट्रेन में आपको जगह मिलना मुश्किल है। झांसी से जम्मू जाने वाली सभी ट्रेनों की सीटें फुल हैं। सात अगस्त तक किसी भी रुटीन ट्रेन में कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं है। यात्रियों की इस भीड़ की वजह से जम्मू जाने वाले सैनिकों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
अमरनाथ यात्रा 29 जून से शुरू हो गई है, जो सात अगस्त तक चलेगी। झांसी स्टेशन से यात्रियों ने अमरनाथ जाने के लिए यात्रा शुरू कर दी। झांसी से जम्मू के लिए प्रतिदिन दो ट्रेनें इंदौर से कटरा जाने वाली 12919 मालवा एक्सप्रेस व पुणे से जम्मूतवी जाने वाली 11077 झेलम एक्सप्रेस हैं। इसके अलावा मंगलौर से जम्मू तवी जाने वाली 16687 नवयुग एक्सप्रेस बुधवार, कन्याकुमारी से जम्मूतवी जाने वाली 16317 हिमसागर एक्सप्रेस रविवार, 1449 जबलपुर-जम्मूतवी मंगलवार, चेन्नई से जम्मू तवी जाने वाली 16031 अंडमान एक्सप्रेस सोमवार, बृहस्पतिवार व शुक्रवार, 2549 दुर्ग जम्मू तवी एक्सप्रेस बुधवार, 18215 दुर्ग जम्मूतवी एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को जाती हैं। इन सभी ट्रेनों में आरक्षण फुल है। झेलम में 10 सितंबर और मालवा में 28 अगस्त के बाद ही कन्फर्म टिकट मिलेगी।
अगले बीस दिन तक स्लीपर और एसी क्लास में लंबी वेटिंग चल रही है। स्लीपर कोचों में तो एक दो वेटिंग खिसकना भी मुश्किल हो रहा है। इसके बावजूद यात्री रोजाना वेटिंग टिकट ले रहे हैं। वह उम्मीद लगाए बैठे हैं कि चार्ट बनने पर उनका आरक्षण क्लीयर हो जाएगा। आरक्षण क्लीयर नहीं हुआ तो कोच में घुसने की अनुमति तो मिल ही जाएगी। वहीं, जम्मू के लिए जनरल टिकटों की भी मांग बढ़ गई हैं। आम दिनों में जहां 70 से 80 टिकट बिकते थे, इन दिनों उनकी संख्या दो सौ तक पहुंच गई है।
तत्काल व इमरजेंसी कोटे के लिए मारामारी
आरक्षण काउंटर खुलते ही इन दिनों सबसे ज्यादा मारामारी जम्मू तवी का तत्काल टिकट बनवाने के लिए रहती है। एक दिन में जिन यात्रियों को टिकट बन जाता है, वह अपने को खुशनसीब समझते हैं। रेल प्रशासन नेइमरजेंसी कोटे में झेलम एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में चार, सेकेंड व थर्ड एसी में दो-दो तथा मालवा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में दो सीटें उपलब्ध करा रखीं हैं। इन सीटों को पाने के लिए लोग केंद्रीय मंत्री, सांसद, एमएलसी, पूर्व जनप्रतिनिधि व रेल अफसरों से सिफारिश लगा रहे हैं।
इन तिथियों से खाली हैं बर्थ
ट्रेन नंबर व नाम स्लीपर क्लास थर्ड एसी
18215 दुर्ग जम्मूतवी एक्सप्रेस 02 अगस्त 31 जुलाई
16031 अंडमान एक्सप्रेस 04 अगस्त 30 अगस्त
16317 हिमसागर एक्सप्रेस 05 सितंबर 20सितंबर
16687 नवयुग एक्सप्रेस 24 अगस्त 18 अगस्त
11077 झेलम एक्सप्रेस 10 सितंबर 15 सितंबर
11449 जबलपुर कटरा एक्सप्रेस 14अगस्त 11 अगस्त
12919 मालवा एक्सप्रेस 28 अगस्त 20 अगस्त
दो जगह हो रहे पंजीकरण
अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए पंजीकरण कराना जरूरी है। झांसी में इलाइट-सीपरी रोड स्थित येस बैंक और सुभाष गंज में एक व्यापारी के द्वारा किए जा रहे हैं। पंजीकरण कराने के लिए जिला अस्पताल से मेडिकल प्रमाण पत्र लेना आवश्यक है। चार फोटो लग रहे हैं। अभी तक महानगर में 15 हजार से अधिक श्रद्धालु अपने पंजीकरण करा चुके हैं।