-----
‘बैंक चोर’ का नेता, तिल्ली में ‘अभिनेता’
सब हेड: वृद्ध कलाकारों को सम्मानित कर रहे हैं चिड़ियाघर के भेड़ बाजपेयी
क्रासर
सीपरी बाजार आजाद गंज के रहने वाले हैं आरिफ शहडोली
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
सीपरी बाजार क्षेत्र के आजाद गंज निवासी आरिफ शहडोली ने फिल्मी दुनिया में एक कदम आगे बढ़ाते हुए यशराज प्रोडक्शन की फिल्म बैंक चोर में अपने अभिनय का दमखम दिखाया है। उन्होंने इस फिल्म में बस्ती के नेता वैभव मोरे का किरदार अदा किया है। उनकी नई फिल्म ‘तिल्ली’ भी बनकर तैयार है, जिसमें वह प्राइमरी अध्यापक बने है। फिल्म में रघुवीर यादव और अतुल श्रीवास्तव मुख्य भूमिका में हैं।
भारतेंदु नाट्य अकादमी के छात्र रहे आरिफ ने मुंबई फिल्म इंडस्ट्रीज में पिछले चार साल में 12 से अधिक सीरियल और पांच फिल्मों में काम करके अपने हुनर को निखारा है। सीरियल ‘चिड़ियाघर’ में भेड़ बाजपेयी के किरदार ने उनको एक अलग पहचान दी। इसके अलावा वे देवो के देव महादेव, जोधा-अकबर, महाकुंभ, एक घर बनाऊंगा, पिटरसन हिल, कृष्ण कन्हैया, रजिया सुलतान, बाल-कृष्णा, रावी सीरियल में भी काम कर चुके हैं। 26 मई को रिलीज हुई फिल्म चकल्लसपुर में उन्होंने मुरारी पोस्टमैन की अहम भूमिका निभाई थी। अभी वे युवाओं पर बन रही फिल्म गबरू और झुंड में शूटिंग कर रहे हैं। गबरू में वे खलनायक और झुंड में कॉमेडी किंग का रोल अदा कर रहे हैं।
अमर उजाला से एक विशेष मुलाकात में आरिफ ने बताया कि वे बुंदेलखंड के 60 साल से ऊपर के कलाकारों को सम्मानित करने के लिए ‘लोक कलाकार सम्मान यात्रा’ कार्यक्रम चला रहे हैं। इस कार्यक्रम के तहत वे कलाकारों के घर जाकर उनका सम्मान और उनकी विधा को कैमरे में कैद करते हैं। उनकी विधाओं को वे यूट्यूब पर डालेंगे। उनके इस अभियान में नवनीत विश्वकर्मा, डा. नवीन, जयकरन ‘निर्मोही और वीरेंद्र सिंह भदौरिया साथ दे रहे हैं।